-भूखे प्यासा रह मंजिल तक पहुंचने का कर रहे हैं इंतजार
-आगरा-दिल्ली राजमार्ग की बजाय, एक्सप्रेस-वे से निकल रहे हजारों वाहन
मथुरा। नये कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन कर रहे हैं जिसको लेकर यमुना एक्सप्रेस-वे सहित दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले दिनों से चल रहे जाम के चलते वाहन चालकों की हालत खस्ता हो चुकी है। कई-कई दिनों से वाहन चालक रास्ते में अटके हुए है, जिन्हें सिर्फ अपनी मंजिल का अब इंतजार है। वहीं किसान आंदोलन को लेकर आगरा-दिल्ली हाईवे पर वाहनों की संख्या कम हो गई है।
उधर, यमुना एक्सप्रेस वे पर वाहनों की संख्या दोगुनी हो गई है। टोल प्लाजा पर पुलिस की चेकिंग के चलते यहां भी जाम के हालात बन रहे हैं।
कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन जगह-जगह चल रहा है, हजारों की संख्या में किसान दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए चोरी छिपे यूपी हरियाणा पुलिस को चकमा देकर पहुंच रहे है। वहीं यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर जाम की स्थिति उत्पन्न है, ऐसे में वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। ट्रक चालक जाम में कई दिनों से फंसे हैं, पेट की भूख मिटाने के लिए ट्रक में ही चालक खाना बना रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों का विरोध प्रदर्शन शनिवार 17वें दिन भी जारी है।
यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर जाम के चलते आज भी सैकड़ों की संख्या में वाहन फंसे और पुलिस प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद भी राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन रेंगते चल रहे है। इस बीच कई किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर जाम में ट्रक चालक फंसे हुए हैं, पेट की भूख मिटाने के लिए ट्रकों में खाना बनाने को मजबूर हैं। राजमार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम बना है, यहां खाने-पीने की वस्तुएं उपलब्ध नहीं होने से मजबूरन ट्रक चालक अपने ट्रकों में ही खाना बना रहे हैं।
कोसीकला थाना क्षेत्र कोर्ट वन यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। समय-समय पर जाम में फंसे वाहनों को कुछ रियायत देते हुए वाहनों को जाम से निकलवाया जा रहा है। आगरा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन और हरियाणा से यूपी की ओर आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
ट्रक चालक ने बताया कि हम बेंगलुरु से माल लेकर गुड़गांव आ जा रहे थे लेकिन रास्ते में मालूम पड़ा कि किसानों का दिल्ली में धरना प्रदर्शन जारी है। कई दिन हो चुके हैं, गाड़ी जाम में फंसी हुई है। पेट की भूख मिटाने के लिए मजबूर होकर ट्रक में खाना बना रहे हैं। आसपास में कोई ढाबा भी नहीं है, इसलिए ट्रकों में ही भोजन की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
एसडीएम हनुमान प्रसाद मौर्य ने बताया कि राजमार्ग पर जाम के हालात को देख हरियाणा के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाएं है राजमार्ग पर लगने वाले जाम पर नजर रखे हैं। वाहन गंतव्य तक पहुंचे इसके लिए समय पर बैरिकेडिंग को हटाकर यातायात का दबाव कम किया जा रहा है। वहीं कोसीकलां थाना प्रभारी ने बताया कि छूट देकर वाहनों को निकाला जा रहा है, वाहनों का दबाव अधिक होने से जाम लगा हुआ है।
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग नहीं जाकर, एक्सप्रेस-वे से निकल रहे हैं हजारों वाहन, लग रहा है जाम
यमुना एक्सप्रेस वे पर किसान आंदोलन से पहले 15 से 16 हजार वाहन प्रतिदिन चलते थे। अब यह संख्या तीस हजार तक पहुंच गई है। वजह साफ है कि आगरा-दिल्ली हाईवे पर सफर करने से लोग बच रहे हैं। हरियाणा सीमा में प्रवेश करते ही कई स्थानों पर हाईवे अवरुद्ध कर रखा है। लोगों को गांवों की पगडंडियों से होकर जाना पड़ रहा है। अभी हालातों में कोई सुधार नहीं हुआ है। इसलिए लोग हाईवे के बजाय यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर कर रहे हैं। शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की संख्या तीस हजार तक पहुंच गई। यह संख्या अभी और बढ़ सकती है। क्योंकि दिनों दिन संख्या बढ़ रही है।
Advertisement