आगरा। कृषि बिलों की वापसी की मांग को लेकर गाजीपुर बॉर्डर पर डटे भारतीय किसान यूनियन (BKU) के प्रवक्ता राकेश टिकैत आज आगरा के किरावली में महापंचायत करेंगे। यह महापंचायत किरावली में मौनी बाबा आश्रम स्थित मिनी स्टेडियम में बुलाई गई है। यह भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजकुमार चाहर का गृह क्षेत्र है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं।
BKU के प्रदेश अध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान ने बताया कि महापंचायत आगरा के अलावा आसपास जिलों के किसान शामिल होंगे। पुलिस प्रशासन के साथ सामंजस्य बनाकर कार्य किया जाएगा। लेकिन यदि किसानों को महापंचायत में आने से रोका गया तो प्रदर्शन होगा।
कल चुरू में राकेश टिकैत ने की थी महापंचायत
भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मंगलवार को चूरू के सरदारशहर में महापंचायत को संबोधित किया था। राजीव गांधी खेल स्टेडियम में किसान महापंचायत में टिकैट ने नया नारा दिया कि ‘हल चलाने वाला अब हाथ नहीं जोड़ेगा।’ कहा था कि आने वाली बरसात में भी आंदोलन चलेगा।
ये आंदोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक ये तीनों कानून वापस नहीं होते। MSP पर कानून नहीं बनता और हमारी कमेटी से केंद्र सरकार बातचीत नहीं करती। उन्होंने किसानों से कहा कि आंदोलन को आप जिंदा रखिए।