‘आप’ एमसीडी की तर्ज पर लड़ेगी नगर निगम का चुनाव, केजरीवाल संभालेंगे कमान

आगरा। म्यूनिसिपल कार्पोरेशन आफ दिल्ली (एमसीडी) चुनाव में दमदार जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी नगर निगम व स्थानीय निकाय चुनाव में दमदारी से उतरने को तैयार हैं। पार्टी यह चुनाव भी दिल्ली माडल पर लड़ेगी, इसमें स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के साथ स्वच्छ व अच्छी छवि के प्रत्याशियों को मैदान में उतारा जाएगा। खुद पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल भी चुनाव प्रचार करने आगरा आएंगे।

आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष दिलीप बंसल का कहना है कि एमसीडी चुनाव में स्थानीय मुद्दों का फार्मूला हिट रहा है, आगरा नगर निगम चुनाव भी इसी फार्मूले पर लड़ा जाएगा। सालों से यहां भी भाजपा का कब्जा है, जबकि काम के नाम पर सिर्फ लोगों को छलावा मिला है। पार्टी लोगों की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर मुद्दा बनाएगी और उन्हीं मुद्दों पर चुनाव लडा जाएगा।

पार्टी जिलाध्यक्ष धीरज बघेल ने बताया कि पार्टी इन चुनावों को गंभीरता से लड़ने जा रही है। प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए पार्टी मुखिया मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आगरा आ सकते हैं। वह यहां रोड शो के साथ जनसभा भी कर सकते हैं।

ब्रज प्रांत अध्यक्ष डा. ह्रदेश चौधरी ने बताया कि नगर निगम के 100 वार्ड हैं। इनमें पार्टी के पास 70 वार्ड के लिए 100 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। बल्केश्वर, सीतानगर, छावनी तमाम कई वार्डों के लिए तीन से चार तक आवेदन आए हैं। नगर निगम चुनाव के लिए पार्टी के सेक्टर चार स्थित कार्यालय पर आवेदन लिए जा रहे हैं। मेयर पद के लिए तीन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here