उप्र में कोरोना के दौर में भी नहीं थमी शिक्षा की रफ्तार: उपमुख्यमंत्री

लखनऊ। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था की रफ्तार कोरोना के दौर में लॅाकडाउन होने के बावजूद थमी नहीं है। सूबे में माध्यमिक और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षणिक गतिविधियां बदले हुए स्वरूप में लगातार जारी रही हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा ने शनिवार को बताया कि कोरोना के दौर में बदलते परिवेश के अनुरूप हमारी सरकार ने अपनी व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया है जिससे कि छात्रों का भविष्य संवारने और तराशने की प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रह सके।
स्वयंप्रभा चैनल की 10 व 12 की कक्षाओं से 32.79 लाख विद्यार्थी लाभान्वित
ई-लर्निंग की पहल के तहत दूरदर्शन के स्वयंप्रभा चैनल के जरिए कक्षा 10 व 12 के लिए कक्षाए आरंभ हो गई है। अब तक इन कक्षाओं के लिए 53 वीडियो प्रसारित किए गए हैं। इनसे 32.79 लाख विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। सरकार इस बात के लिए कटिबद्ध है कि महमारी के दौर में भी पढाई रुके नहीं।
दीक्षा ऐप का 40.73 लाख ने किया प्रयोग
माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट व दीक्षा पोर्टल के जरिए भी कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को ई-कंटेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग की वेबसाइट पर ई किताबें व दीक्षा पोर्टल पर वीडियो भी उपलब्ध हैं। दीक्षा ऐप का 40.73 लाख लोगों द्वारा प्रयोग किया जा रहा है। ऑनलाइन शिक्षा की सामग्री को इतना सरल बनाकर तैयार किया जा रहा है कि विद्यार्थियों को घर पर समझने में जरा भी परेशानी नहीं हो। इसके बावजूद विद्यार्थियों में जिज्ञासा होना स्वाभाविक है तथा उनकी जिज्ञासाओं को दूर करना जरूरी है इसके लिए हेल्पलाइन 18001805310 पर बनाई गई है।
माध्यमिक शिक्षा में ऑनलाइन शिक्षा का 64.73 लाख विद्यार्थी ले रहे लाभ
माध्यमिक शिक्षा विभाग व्हाट्सएप के जरिए बच्चों तक शिक्षण  सामग्री पहुंचाकर पढ़ाई करा रहा है। विभाग द्वारा व्हाट्सऐप वर्चुअल कक्षाएं भी आरंभ की गई है। इससे 2,8487 माध्यमिक विद्यालय आच्छादित है। ऑनलाइन शिक्षा की प्रक्रिया में 2.97 लाख शिक्षक करीब 64.73 लाख विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इस बात के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं कि व्यवस्था शोपीस नहीं बने। इन उपायों का एक और भी परिणाम होगा कि शैक्षिक सत्र भी नियमित बना रहेगा।
उच्च शिक्षा में 1,55,185 ई कंटेंट तैयार, 9,06,126 विद्यार्थियों ने किया उपयोग
इसी तरह प्रदेश के उच्च शिक्षा के संस्थानों में भी बदले हुए परिवेश के अनुरूप शैक्षिक गतिविधियां जारी हैं। छात्रों के लिए 1,55,185 ई कंटेंट तैयार कर विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं। इनको 9,06,126 विद्यार्थियों ने उपयोग किया है।
3,51,805 ऑनलाइन कक्षाओं में 2,74,887 विद्यार्थी हुए शामिल
विश्वविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाए गूगल मीट गूगल क्लास रूम आदि इंटरनेट प्लेटफार्म पर हो रही हैं। अब तक लगभग 3,51,805 ऑनलाइन कक्षाएं हो चुकी हैं, जिसमें प्रतिदिन औसतन 2,74,887 विद्यार्थियों ने भाग लिया है।
इस दौरान करीब 6,939 शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन कोर्स भी किए गए तथा 5,791 शोध पत्र लेख व पुस्तके लिखी गईं। महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों द्वारा विभिन्न प्रकार की 3,577 ऑनलाइन ट्रेनिंग कराई गई। दूरदर्शन व इग्नू द्वारा शुरू किए गए 4 फ्री चैनलों के द्वारा भी शिक्षण सामग्री का प्रसारण कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमण से जागरूक करने के लिए भी बच्चों व अभिाभवकों को जानकारी दी जा रही है।
आरोग्य ऐप डाउनलोड कराने में महत्वपूर्ण पहल
विभाग आरोग्य ऐप डाउनलोड कराने में भी बड़ी पहल कर रहा है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 16 लाख तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा 74.58 लाख आरोग्य ऐप डाउनलोड कराया गया है। विद्यालयों द्वारा करीब ढाई लाख मास्क भी बनाए गए हैं।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here