नई दिल्ली। पुड्डुचेरी में दो मंत्रियों समेत 4 विधायकों के इस्तीफे के बाद यहां की कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई है। इनमें दो भाजपा में शामिल हो गए हैं। सभी इस्तीफे सोमवार और मंगलवार को हुए। खास बात ये है कि बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुड्डुचेरी दौरा है। इन इस्तीफों के बाद विधानसभा में कांग्रेस मेंबर्स की संख्या 15 से घटकर 10 हो गई है। वहीं आज ए जॉन कुमार के इस्तीफे के बाद विपक्षी दलों ने फ्लोर टेस्ट की मांग करते हुए वी नारायणसामी से CM की कुर्सी छोड़ने की मांग की है।
पुड्डुचेरी विधानसभा में कुल 33 सीट हैं। इनमें 30 सीटों पर चुनाव होता है, जबकि 3 सीटों पर विधायकों का मनोनयन होता है। फिलहाल विधानसभा में कांग्रेस गठबंधन सरकार और विपक्षी दलों के विधायकों की संख्या 14-14 हो गई है। राज्य में इसी साल मई में चुनाव होने हैं।
जॉन कुमार ने CM के लिए छोड़ी थी सीट
ए जॉन कुमार को मुख्यमंत्री वी नारायणसामी का करीबी माना जाता था। उन्होंने नेल्लीथोप सीट से 2016 के विधानसभा चुनाव जीते थे और नारायणसामी के लिए सीट खाली कर दी थी। कुमार ने बाद में 2019 में कामराज नगर उपचुनाव जीता। हाल ही में वे दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं से मीटिंग कर के लौटे थे। उनका इस्तीफा इसी दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस्तीफा देने वालों में विधायक ए जॉन कुमार, ए नमस्सिवम, मल्लादी कृष्णा राव और ई थेपयन्थन शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस विधायक एन धनवेलु को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया। इनमें नमस्सिवम और थेपयन्थन भाजपा में शामिल हो चुके हैं, बाकी नेता भी जल्द ही BJP में जा सकते हैं।
विधानसभा में दलों की स्थिति
पुड्डुचेरी में 2016 में विधानसभा चुनाव हुए थे। कांग्रेस को 15 सीटें मिली थीं। अभी यहां वी नारायणसामी मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस के अलावा AINRC को 8, AIADMK को 4, DMK को 2 सीटें मिली थीं। एक निर्दलीय कैंडिडेट जीता था। यहां भाजपा के 3 नॉमिनेटेड विधायक हैं। सरकार का कार्यकाल 8 जून को पूरा होने वाला है।