केजरीवाल की गिरफ्तारी-रिमांड पर दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई

दिल्ली हाईकोर्ट में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर आज सुनवाई होगी। केजरीवाल ने शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपनी गिरफ्तारी और रिमांड के फैसले को चुनौती दी है। उन्होंने 23 मार्च को हाईकोर्ट का रुख किया था।

कोर्ट ने मामले में ED को नोटिस जारी कर 2 अप्रैल तक जवाब मांगा था। ED ने 2 अप्रैल की शाम में कोर्ट में अपना जवाब दाखिल किया। इसमें एजेंसी ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की।

इधर, दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने X पर लिखा- अरविंद केजरीवाल एक सीवियर डायबिटिक हैं। गिरफ्तारी के बाद से अब तक केजरीवाल का वजन 4.5 किलो घट गया है। यह बहुत चिंताजनक है। आज भाजपा उन्हें जेल में डाल कर उनके स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है। अगर उन्हें कुछ हो गया तो पूरा देश तो क्या, भगवान भी इन्हें माफ नहीं करेगा।

भास्कर ने जब इस पर सवाल किया तो तिहाड़ जेल प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल की सेहत एकदम ठीक है। मेडिकल टीम लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रही है। डॉक्टरों ने भी कोई चिंता जाहिर नहीं की है। केजरीवाल घर का खाना ही खा रहे हैं।

केजरीवाल की गिरफ्तारी से जुड़े अपडेट्स मिनट टु मिनट पढ़ें…

लाइव अपडेट्स

AAP सांसद संजय सिंह आज तिहाड़ जेल से रिहा होंगे

AAP सांसद संजय सिंह को पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था।
AAP सांसद संजय सिंह को पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया था।

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह 6 महीने बाद आज तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (2 अप्रैल) को उन्हें दिल्ली शराब नीति केस में जमानत दी थी। लीगल प्रोसेस की वजह से कल रिहाई नहीं हो पाई।

संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह जमानत की प्रक्रिया पूरा करने के लिए बुधवार को राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची। कोर्ट ने 2 लाख रुपए के जमानती बॉन्ड और इतने ही अमाउंट की सियोरिटी पर जमानत दे दी। संजय सिंह की पत्नी से 2 लाख का बॉन्ड भरा।

कोर्ट ने संजय सिंह की जमानत के लिए तीन शर्तें रखीं। पहला- वे जेल से बाहर जाकर आबकारी नीति केस से जुड़ी कोई बयानबाजी नहीं करेंगे। दूसरा- अपना पासपोर्ट सरेंडर करेंगे। दिल्ली से बाहर जाने पर जांच एजेंसी को बताएंगे और अपनी लाइव लोकेशन शेयर करेंगे।

दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक सीवियर डायबिटीज के मरीज हैं। डायबिटीज के सीवियर मरीज के नाते दिन में कई बार उनका शुगर लेवल मॉनिटर होता है। जब से भाजपा शासित केंद्र सरकार ने उन्हें गिरफ्तार किया है, उनके स्वास्थ्य की स्थिति के लिए एक गंभीर चुनौती पैदा हो गई है, ED की हिरासत में रहने के दौरान उनका शुगर लेवल 3 बार गिर गया।

पिछले 12 दिनों में उनका वजन 4.5 किलोग्राम कम हो गया है, और डायबिटीज के रोगी के लिए, यह गंभीर स्वास्थ्य जटिलताएं पैदा कर सकता है। BJP अरविंद केजरीवाल और AAP को बर्बाद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इसलिए मैं BJP को चेतावनी दे रही हूं कि पूरा देश आपको देख रहा है और अगर उन्हें कुछ हुआ तो न तो यह देश और न ही भगवान BJP को माफ करेगा।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा- आतिशी के कल के बयान पर हमने कहा था कि आप झूठ बोल रही हैं। आपके आरोप बेबुनियाद हैं। हमने कल शाम तक उन्हें माफी मांगने का समय दिया था, अब वह समय खत्म हो चुका है और उन्हें मानहानि का नोटिस दिया गया है। उन्हें इसका जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है अगर उनका जवाब नहीं आया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, आतिशी ने 2 अप्रैल को आरोप लगाया था कि उनके एक करीबी के जरिए भाजपा में शामिल होने का उन्हें प्रपोजल दिया गया है। उनसे कहा गया कि आप भाजपा में शामिल होकर अपना पॉलिटिकल करियर आगे बढ़ाइए वर्ना अगले एक महीने में आपको गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

दिल्ली सरकार में मंत्री और AAP नेता गोपाल राय ने कहा- 7 अप्रैल को देशभर में सामूहिक उपवास किया जाएगा। CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में AAP के सभी मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी नेता 7 अप्रैल को जंतर-मंतर पर ‘सामुहिक उपवास’ रखेंगे। हम लोगों से यह भी अपील करते हैं कि जो लोग CM अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ हैं और लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं और इस देश से प्यार करना चाहते हैं, वे भी अपने घरों, गांवों, ब्लॉकों पर सामुहिक उपवास’ कर सकते हैं।

ED बोली- शराब घोटाले का पैसा गोवा चुनाव में लगा, 2 पॉइंट

1. हाईकोर्ट को दिए एफिडेविट में ED ने कहा कि AAP को दिल्ली शराब घोटाले के रुपयों का सबसे ज्यादा फायदा मिला है। पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनाव 2022 में शराब घोटाले के लगभग 45 करोड़ रुपए खर्च किए।

2. जांच एजेंसी ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल को 9 समन भेजकर मामले की जांच में सहयोग करने के कई मौके दिए। हालांकि, केजरीवाल ने जानबूझकर एजेंसी के आदेश को नहीं माना। वे हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर जांच में शामिल नहीं हुए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here