पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बरेरी नाले के पास एक बस के गहरी खाई में गिरने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। बस सौजियां से मंडी की तरफ जा रही थी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और सेना द्वारा बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि पुंछ के साब्जियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने इस सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उनके ऑफिस ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए जारी अपने संदेश में कहा, ‘पुंछ के सौजियां में सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पुलिस और सिविल अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया।’
एलजी ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा के तौर पर देने की भी घोषणा की है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 30 अगस्त को को एक कार सड़क से फिसल कर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी थी। इस दुर्घटना में एक 16 वर्षीय लड़की सहित आठ लोगों की मौत हो गई थी। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि पुंछ के साब्जियां इलाके से गुजर रही बस जब एक तीखे मोड़ पर पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधा खाई में लुढ़क गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस व बचाव दल के कर्मी वहां पहुंच गए। खाई में उतरने के बाद उन्होंने घायलों को बस से निकाला और मुख्य सड़क से एम्बुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि 12 लोगों की अब तक मौत हो गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं दो युवा भी शामिल हैं। अभी भी 23 लोग घायल हैं जिनमें आठ लोगों की हालत गंभी बताई जा रही है।