ग्लोसेस्टरशायर। दक्षिण पश्चिम इंग्लैंड में ग्लोसेस्टरशायर में रेस्तरां मालिक माइक रॉबिंसन अपनी जमीन पर हिरणों की गिनती में लगे हैं। वे हर दिन सुबह लगभग 40 हिरण देखते हैं। वे कहते हैं, इस साल हिरणों की तादाद बहुत ज्यादा लग रही है।
सामान्य वर्षों में शिकारियों, रेस्तरां, होटलों की मांग और सरकार के उनका खात्मा करने के कार्यक्रम की वजह से हिरणों की संख्या सीमित रहती है। महामारी के कारण यह सब बंद था। इसलिए हिरणों की आबादी बहुत ज्यादा बढ़ रही है। इनसे पौधों की कई प्रजातियों के जीवन पर खतरा मंडराने लगा है।
हिरणों की गिनती करना कठिन है। लेकिन जानवरों से क्रूरता की रोकथाम की रॉयल सोसायटी का कहना है कि उनकी संख्या बीस लाख से अधिक हो चुकी है। उनके कारण 74 हजार ट्रैफिक दुर्घटनाएं हुई हैं। फसलों, जंगलों और अन्य पौधों को भारी नुकसान हुआ है।
पक्षी संरक्षण की रॉयल सोसायटी के प्रवक्ता मार्टिन फोली का कहना है, चराई से जंगली पौधों को बहुत नुकसान होता है। इससे पक्षियों की संख्या कम हो सकती है। ब्रिटेन की कार्बन उत्सर्जन घटाने की योजना के लिए हिरण चुनौती बन सकते हैं। सरकार को 2025 तक हर साल 74 हजार एकड़ में पौधरोपण की उम्मीद है।
हिरणों के झुंड असुरक्षित पौधों को खाकर इसमें बाधा डाल सकते हैं। कुछ वन्य जीव विशेषज्ञों ने हिरणों की आबादी पर नियंत्रण करने के लिए उनके सामूहिक खात्मे का सुझाव दिया है। उनका तर्क है, संतुलन बनाने के लिए दस लाख हिरणों के कत्ल करना पड़ेगा।
पशु प्रेमी देश होने का गर्व करने वाले इंग्लैंड में बहुत लोगों के लिए यह स्वीकार करना मुश्किल होगा। सामूहिक संहार का समर्थन करने वाले कंट्री फूड ट्रस्ट के प्रमुख टिम वुडवर्ड का कहना है कि हिरणों की आबादी कम करने का आसान तरीका उनका सामूहिक संहार है।