संभल में सपा नेता और बेटे की गोली मारकर हत्या, पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेरा, हंगामा

संभल। संभल जनपद में बहजोई थाना क्षेत्र के फतेहपुर शमशोई गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश में प्रधान पति सपा नेता और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय दोनों पिता-पुत्र गांव में चल रहे विकास कार्यों को देखने के निकले थे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और जमकर हंगामा किया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में चंदौसी से प्रधान पति को सपा का टिकट मिला था। बाद में गठबंधन के कोटे में सीट कांग्रेस के खाते में चली गई थी।
बहजोई थाना क्षेत्र के फतेहपुर शमशोई गांव में मंगलवार को प्रधान पति व सपा नेता छोटेलाल दिवाकर और उनके बेटे सुनील दिवाकर गांव में चल रहे विकास कार्यों को देखने के लिए गए थे। तभी हमलावरों ने दोनों को घेर लिया और दोनों बाप-बेटे की गोली मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। मौके पर काम कर रहे मजदूर भी भाग निकले। दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी गांव में पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उन्हें घेर लिया। पुलिस अधिकारियों ने हमलावरों को जल्दी पकड़ने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। बताया जाता है कि छोटेलाल दिवाकर 2017 में चंदौसी विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी घोषित किए गए थे। बाद में यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई थी और कांग्रेस प्रत्याशी ने चुनाव लड़ा था। सीओ बहजोई अशोक कुमार का कहना है कि आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुरानी रंजिश के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here