सहारनपुर। तीतरों में चौ.यशपाल सिंह की 100वीं जयंती पर पूर्व मुख्यमंत्री व सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12.20 बजे पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने चौ.यशपाल सिंह की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। रैली स्थल के मच से जनता का अभिवादन करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा की केंद्र व यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की भोली भाली जनता को धोखा देकर और झूठ बोलकर भाजपा ने सत्ता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सिर्फ नाम बदलने में विश्वास रखते हैं, नाम बदलने के अलावा प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रेलवे, एयरपोर्ट, बंदरगाह और ट्रेन तक बेच दी है।

39 मिनट बोले अखिलेश यादव
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 1.45 बजे बोलना शुरु किया। उन्होंने अपने 39 मिनट 25 सेकेंड के संबोधन में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि लखनऊ वालों की कोई जोड़ी नहीं है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और कानपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, युवा और कानून को कुचलने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन ऐसा दिन आएगा भाजपा संविधान को भी कुचलने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में सब कुछ बेचने का काम कर रही है।

गरीबों की रसोई ठंडी हो चुकी है
अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ने से गरीबों की रसोई ठंडी हो चुकी है। कोरोना महामारी में आमजन की परेशानी को लेकर भी बरसे। कहा कि सरकार को जब सतर्क रहना था तब सोई थी। सूबे की गरीब जनता, मजदूर परेशान हुए। सावधान किया कि चुनाव आने से पूर्व महामारी का ग्राफ बढ़ सकता है। कहा कि भाजपा ने कोरोना के नाम पर सभी के मुंह और नाक ढकवा दिए हैं और खुद आंख-कान बंद कर लिया। उन्होंने मां शाकंभरी देवी और गंगा-यमुना का जिक्र किया।

एंबुलेंस दी और 100 डायल लाए
अपने भाषण में अखिलेश यादव बोले कि पूर्व की सपा सरकार में हमने एंबुलेंस दी, अमेरिका से डायल 100 लाए, लेकिन भाजपा ने दोनों के बर्बाद कर दी। कहा कि यदि वह आगामी चुनाव 2022 में विजयी हुए और सत्ता में काबिज हुए तो वह सहारनपुर की जनता का लखनऊ सफर 4 से 4.30 घंटे तक कर देंगे। इसके लिए एक्सप्रेस-वे बनवाएंगे। जिस प्रकार से मुजफ्फरनगर से सहारनपुर की बीच स्टेट हाईवे बनवाया था। भाजपा सरकार दूसरे के काम को अपना बताकर वाहवाही लूटने में लगी है।
कृषि कानून लागू हुआ तो किसानों को अधिकार छिन जाएगा
पूर्व सीएम ने कहा कि कृषि कानून लागू हुआ तो किसानों को अधिकार छिन जाएगा। जमीन भी छिन जाएगी। इस बात को किसान भी जानते हैं। इसके पहले उन्होंने कहा कि यह स्थल पौराणिक स्थलों से घिरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में किसानों की आय दोगुना करने के लिए कहा था, लेकिन अब तक किसानों की आय नहीं बढ़ी। बढ़ाना था किसानों की आय और बढ़ा दिए डीजल और पेट्रोल का दाम। आज जोड़कर देखा जाए तो किसानों की आय पहले से कम हो गई है।
मंच पर यह रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता पं.शिव कुमार शास्त्री, जिलाध्यक्ष रुद्रसैन, गंगोह विधानसभा प्रभारी इंद्रसैन, नगर विधायक संजय गर्ग, आशु मलिक, कार्तिकेय राणा, अतुल प्रधान, लियाकत पुंडीर, अब्दुल गफूर, सरफराज खान, हाफिज उस्मान, शेर सिंह राणा, सुशील राणा, शशि बाला पुंडीर, सोहेल खान आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।