41.78 लाख से अधिक डिमैट अकाउंट ओपनिंग का दिसंबर में रिकॉर्ड बना

दिसंबर 2023 में डिमैट अकाउंट ओपनिंग का रिकॉर्ड बना है। सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विस और नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में खोले गए डीमैट खातों की संख्या कुल 41.78 लाख से अधिक थी।

जबकि एक महीने पहले यह संख्या 27.81 लाख और एक साल पहले 21 लाख थी। कुल डीमैट अकाउंट की संख्या 13.93 करोड़ को पार कर गई है, जो एक महीने पहले से 3.1% और एक साल पहले से 28.66% अधिक है।

डीमैट खातों में उछाल के तीन कारण
1. शेयर बाजार में लगातार तेजी

शेयर बाजार लगातार नया हाई बना रहा है और इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी, IPO की पॉजिटिव लिस्टिंग्स से भी निवेशकों का भरोसा बाजार में बढ़ा है। एक अन्य एनालिस्ट ने कहा कि हालिया अस्थिरता और मुनाफावसूली के बावजूद बाजार में तेजी बने रहने की उम्मीद है।

2023 में, सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 18.8% और 20% बढ़े। वहीं BSE मिडकैप और BSE स्मॉलकैप ने 45.5% और 47.5% की छलांग लगाई। बाजार की तेजी ने FOMO यानी, फियर ऑफ मिसिंग आउट को बढ़ावा दिया है। इससे दिसंबर में डीमैट खातों में बढ़ोतरी हुई।

2. पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से 3 में BJP को बहुमत
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में हाल ही में हुए चुनावों के नतीजों से संकेत मिलता है कि अगले साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में एक बार फिर मोदी सरकार बन सकती है। बाजार इसे इकोनॉमी के लिए पॉजिटिव मान रहा है।

3. मजबूत भारतीय अर्थव्यवस्था
Q2FY24 यानी जुलाई-सितंबर तिमाही का GDP डेटा 30 नवंबर को जारी किया गया था, जो RBI की उम्मीद से भी ज्यादा 7.6% रहा। RBI ने Q2FY24 में 6.5% की GDP ग्रोथ का अनुमान लगाया था। इसके अलावा GST कलेक्शन भी बेहतर इकोनॉमी का संकेत दे रहा है।

​​​12 महीनों में 20 करोड़ डीमैट अकाउंट
बैंक लेड ब्रोकर्स ने तेजी से बढ़ते बाजारों के बीच थ्री-इन-वन अकाउंट फैसिलिटी ऑफर करके एक बड़े ग्राहक आधार को आकर्षित किया है। मेहता इक्विटीज के डायरेक्टर प्रशांत भंसाली ने कहा- अगले 12 महीनों में 20 करोड़ डीमैट अकाउंट तक पहुंचना संभव लगता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here