5 साल बाद मां से मिलने जा रहे योगी: 27 दिन पहले परिवार ने कहा था- महाराज एक बार मिल लें

यमकेश्वर। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 3 दिन का उत्तराखंड दौरा तय हो चुका है। इस दौरे की पुष्टि करते हुए उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा, “यमकेश्वर में योगी के आगमन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।” 3 मई को यमकेश्वर पहुंचने के बाद योगी अपनी मां से मिलने अपने गांव पंचूर भी जाएंगे।

27 दिन पहले मां और बहन ने भास्कर के कैमरे पर भावुक होकर बुलाया था
आज से 27 दिन पहले योगी आदित्यनाथ की 84 साल की मां सावित्री देवी ने भावुक हो कर कहा था- ‘महाराज एक बार गांव आ जाएं , उनकी याद आती है, पिता के निधन पर भी नहीं आए थे।’

भास्कर के कैमरे पर योगी को याद करती हुईं उनकी मां सावित्री देवी।
 कैमरे पर योगी को याद करती हुईं उनकी मां सावित्री देवी।

चाय-शिकंजी की दुकान चलाने वाली योगी की बहन शशि की भी यही इकलौती ख्वाहिश है कि महाराज जी एक बार मां से मिलने जरूर आएं। मां, बहन और भाई इस अपील के 30 दिन बाद यानी 3 मई को योगी अपने परिवार वालों से मिलने अपने घर जा रहे हैं।

मां से 5 साल से नहीं मिले हैं, पिता के निधन पर भी नहीं जा पाए थे घर
आज से 5 साल पहले फरवरी, 2017 में योगी आखिरी बार अपनी मां से मिले थे। उन दिनों उत्तराखंड और यूपी में चुनाव चल रहे थे। योगी भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी का प्रचार करने गए थे, तभी वो अपनी मां और परिवार वालों से मिलने अपने गांव पंचूर भी गए थे।

योगी की बहन शशि ने भी योगी से एक बार मां से मिलने की अपील की थी।
योगी की बहन शशि ने भी योगी से एक बार मां से मिलने की अपील की थी।

मां से मिलने के बाद योगी यूपी के सीएम बन गए थे। साल 2020 में योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हो गया था। कोविड प्रोटोकॉल के चलते अपने पिता के निधन के बाद भी योगी घर नहीं थे। साल 2022 में भी एक चुनावी रैली करने योगी कोटद्वार, उत्तराखंड गए थे, लेकिन तब भी वे अपनी मां से मिलने घर नहीं जा पाए थे। अब आखिर वो दिन करीब है। पूरे 5 साल बाद 3 मई, 2022 को योगी अपनी मां से मिलेंगे।

उत्तराखंड में और क्या कार्यक्रम हैं?
मां से मिलने से पहले योगी यमकेश्वर जाएंगे। वहां, डिग्री कॉलेज बिठयानी में योगी अपने गुरु अवैद्यनाथ की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी भी योगी के साथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के बाद योगी अपनी मां से मिलने पंचूर गांव जाएंगे। योगी 4 और 5 मई को उत्तराखंड में क्या करेंगे, इस बात का कोई आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। खबर है कि इन तारीखों पर योगी देहरादून और हरिद्वार में अलग-अलग कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे।

सितंबर, 2021 में योगी ने यूपी के महाराजगंज में भी महंत अवैद्यनाथ की मूर्ति का अनावरण किया था।
सितंबर, 2021 में योगी ने यूपी के महाराजगंज में भी महंत अवैद्यनाथ की मूर्ति का अनावरण किया था।

इसी दौरान वो परिसंपत्तियों के बंटवारे के बाद उत्तराखंड को मिले ‘अलकनंदा गेस्ट हाउस’ और ‘यूपी के नए गेस्ट हाउस’ का उद्घाटन भी कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here