सोनू सूद से रोजाना हजारों लोग मांगते हैं मदद, अभिनेता ने शेयर किए आंकड़े
अभिनेता सोनू सूद अपने काम की वजह से इन दिनों सुर्खियों में हैं। कोरोना संकट के दौरान सोनू सूद प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों के लिए मसीहा बने हैं। अभिनेत्री सोनू हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने अब तक हजारों जरूरतमंद लोगों की मदद की है। लोग हर दिन उनसे सोशल मीडिया पर मदद मांगते रहते हैं। सोनू सूद भी सोशल मीडिया पर लोगों से रोजाना संपर्क करते हैं। इसका आंकड़ा अभिनेता ने गुरुवार को ट्विटर पर शेयर किया है।
47 वर्षीय सोनू सूद ने ट्विटर पर लिखा-‘1137 मेल, 19000 फेसबुक मैसेज, 4812 इंस्टा मैसेज और 6741 ट्विटर मैसेज। ये आज के हेल्प मैसेज हैं। औसत आंकड़ों को देखे तो करीब इतनी मैसेज मुझे रोज मदद के लिए मिलती हैं। एक इंसान के तौर पर ये असंभव है कि आप सभी तक पहुंच पाएं, लेकिन फिर भी मैं अपनी पूरी कोशिश करता हूं। अगर मैंने आपका मैसेज मिस कर दिया तो मैं माफी चाहता हूं।’
सोशल मीडिया पर सोनू सूद का ट्वीट वायरल हो रहा है। अभिनेता के प्रशंसक उनके ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और उनकी प्रशंसा कर रहे हैं। सोनू सूद अपने नेक काम की वजह से सुर्खियों में हैं। हाल में सोनू सूद ने अपने जन्मदिन पर प्रवासियों 3 लाख नौकरियां देने का ऐलान किया था। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले सोनू सूद ने प्रवासी रोजगार मुहिम शुरू की है। उन्होंने कई बड़ी कंपनियों के साथ करार किया किया है। बाढ़ से प्रभावित असम और बिहार में बाढ़ राहत सेवा शुरू की है। उन्होंने लॉकडाउन में प्रवासी कामगारों की मदद में कोई कसर नहीं छोड़ी।
सोनू ने संकट के समय में बसों की व्यवस्था करने से लेकर केरल की महिलाओं को एयरलिफ्ट करने और टोल फ्री नंबर देकर लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया है। अभी भी वह लोगों की मदद कर रहे हैं। सोनू सूद अपने अनुभव के बारे में एक किताब लिखेंगे।