नई दिल्ली। कृषि कानून के विरोध में पिछले 11 दिन से आंदोलन कर रहे है किसान संगठनों ने भारत बंद बुलाया है। भारत बंद के तहत सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। हरियाणा और पंजाब के अलावा यूपी, दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु के किसानों ने भी बंद का समर्थन किया है।
इसके अलावा 11 राज्य सरकारें भी बंद का समर्थन कर रही हैं। दूसरी ओर केंद्र सरकार सभी राज्यों को सुरक्षा कड़ी रखने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा है। साथ ही कई यूनियन भी किसानों के साथ आए हैं।
किसानों के भारत बंद का असर शुरू हो गया है। गाजीपुर बॉर्डर के पास चक्का जाम कर दिया गया है, तो वहीं बंगाल में कई ट्रेनों पर असर पड़ा है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली का दीनदयाल उपाध्याय मार्ग ब्लॉक कर दिया है, यहां पुलिस तैनात की गई है। इसी रोड पर बीजेपी का नया दफ्तर है।
कृषि कानून के खिलाफ किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के बीच आम आदमी पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है। AAP का कहना है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में ही नजरबंद कर दिया गया है। बीते दिन जब से अरविंद केजरीवाल सिंधु बॉर्डर से वापस आए हैं, तभी से घर के बाहर नजरबंद के हालात बनाए हुए हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अब बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। इसकी वजह से दिल्ली सीएम की सभी बैठकें रद्द हो गई हैं।
भारत बंद का असर अलग-अलग राज्यों में दिख रहा है। बंगाल में ट्रेड यूनियन ने किसानों के समर्थन में मार्च निकाला, तो वहीं बिहार के दरभंगा में राजद कार्यकर्ताओं ने कानून के विरोध में टायर फूंक दिए।
आंध्र प्रदेश में भी किसानों के भारत बंद के समर्थन में लेफ्ट पार्टियों के सदस्य सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यूपी के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ट्रेन को रोका। भारत बंद के दौरान प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन को रोक दिया और नारेबाजी की।
यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में छह दिसंबर 2020 से दो जनवरी 2021 तक धारा 144 लागू की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा दो की उप धारा (जी) के अंतर्गत कोविड-19 के कारण फैल रही महामारी को आपदा घोषित किया गया है।
दूसरी ओर किसानों के भारत बंद को देखते हुए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई है। लखनऊ शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पांच या इससे अधिक व्यक्तियों द्वारा जुलूस, धरना-प्रदर्शन, रैली और घेराव पर प्रतिबंध रहेगा।
ओडिशा में भारत बंद का असर दिखने लगा है। वामपंथी दलों और ट्रेड यूनियनों ने मंगलवार सुबह भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर जाकर ट्रेनों को रोक दिया।
स्वाभिमानी शेतकारी संघटना ने ‘भारत बंद रेल रोको’ के विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए बुलढाणा के मलकापुर में आज एक ट्रेन को रोक दिया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पटरियों से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। बता दें कि आज किसानों ने भारत बंद बुलाया है।
अपडेट्स…
राजस्थान में अनाज मंडियां बंद
भारत बंद का कांग्रेस शासित राजस्थान में किसान संगठनों और मंडी कारोबारियों ने समर्थन किया है। यहां पेट्रोल पंप, अस्पताल, मेडिकल शॉप्स सहित जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी सब कुछ बंद रहेगा।
जयपुर में प्रदेश की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी मुहाना टर्मिनल भी कल बंद रहेगी। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ ने भी बंद का समर्थन करते हुए प्रदेश की सभी 247 अनाज मंडियों को बंद रखने की अपील की है।
महाराष्ट्र में संवेदनशील मार्गों पर बसें नहीं चलेंगी, दूध सप्लाई नहीं
किसानों के भारत बंद का महाविकास अघाड़ी (MVA) में शामिल तीनों दल यानी शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने समर्थन किया है। समाजसेवी अन्ना हजारे मंगलवार को किसानों के समर्थन में अपने गांव रालेगण सिद्धि में एक दिन का अनशन करेंगे।
बंद को देखते हुए संवेदनशील मार्गों पर स्टेट ट्रांसपोर्ट (ST) की बसों को नहीं चलाने का फैसला लिया गया है। बंद के दौरान राज्य में मेडिकल स्टोर और किराना दुकानें खुली रहेंगी। दूध उत्पादक संघ ने पूरे राज्य में मिल्क की सप्लाई रोकने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा फल और सब्जी की सप्लाई भी नहीं होगी। राज्य में सभी रेस्तरां सुबह 11 बजे से 3 बजे तक बंद रहेंगे। नासिक, पुणे, अहमदनगर और कोल्हापुर में मंडियां भी कल बंद रहेंगी।
पंजाब में पेट्रोल पंप भी शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे
कांग्रेस शासित पंजाब में किसान आंदोलन को बड़े पैमाने पर समर्थन मिल रहा है। यहां मंगलवार को पेट्रोल पंप भी सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे। पंजाब पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह इसकी घोषणा कर चुके हैं। हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं और इससे जुड़ी गाड़ियों को पेट्रोल पंप से फ्यूल मिलता रहेगा।
पंजाब में 3470 पेट्रोल पंप हैं, इनमें 4 लाख लीटर से ज्यादा फ्यूल बिकता है। राज्य के छोटे दुकानदार भी बंद के समर्थन में आ गए हैं।
झारखंड में ट्रेनों पर भी असर पड़ सकता है
झारखंड में भाजपा को छोड़कर लगभग सभी राजनीतिक दलों ने भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। राज्य के CM हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया में लिखा है कि देश की आन-बान-शान हैं हमारे मेहनती किसान। केंद्र सरकार की देश के मालिक को मजदूर बनाने की साजिश है।
झारखंड में सीटू के महासचिव प्रकाश विप्लव ने बताया कि भारत बंद के दौरान इमरजेंसी को छोड़कर सभी सेवाएं बंद रहेंगी। ट्रेन को भी रोका जाएगा। बस और ट्रक एसोसिएशन ने एक दिन के बंद की अपील की है।
छत्तीसगढ़ में विधायक करेंगे बंद की अगुआई
कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में बंद का असर देखने को मिलेगा। कांग्रेस ने राजधानी रायपुर में बंद की अगुआई करने का जिम्मा विधायक विकास उपाध्याय पर सौंपा है। सोमवार को एक बैठक में सभी व्यापारियों से विधायकों ने बंद का समर्थन करने की अपील की है।
बाकी गैर-भाजपा शासित राज्यों का हल
केरल: यहां भी बड़े पैमाने पर बंद का असर दिखेगा। राज्य सरकार ने कृषि कानूनों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है।
बंगाल: सीएम ममता बनर्जी ने सोमवार को किसानों के समर्थन में मिदनापुर में कहा- भाजपा सरकार को तुरंत कृषि विधेयकों को वापस लेना चाहिए या फिर केंद्र की सत्ता से हट जाना चाहिए। ममता जिस मंच से भाषण दे रही थीं, वहां सब्जियां भी रखी हुई थीं। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने भारत बंद का खुलकर समर्थन नहीं किया है। दरअसल, कांग्रेस और लेफ्ट बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही हैं।
आंध्र और तमिलनाडु: आंध्र में सरकार चला रही YSR और तमिलनाडु की अन्नाद्रमुक सरकार ने भारत बंद का सपोर्ट नहीं किया है।
भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को अगवा कराने में मदद करने वाले मुफ्ती…
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला दुबई…
भारत-न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला…
अपनी उर्दू तो मोहब्बत की ज़बां थी प्यारे उफ़ सियासत ने उसे जोड़ दिया मज़हब…
दिल्ली सरकार की महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने देने वाली योजना को लेकर नई…
अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेनी नेता की यह कहकर बेइज्जती किए जाने के बाद कि ‘आप…