नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस से हर दिन हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। रोज संक्रमण के मामलों का नया रिकॉर्ड बन रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 1 लाख 31 हजार 878 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल वायरस के शुरू होने से लेकर अब तक एक दिन के अंदर मिले मरीजों की ये संख्या सबसे अधिक है। इसके पहले बुधवार को देश में सबसे ज्यादा 1 लाख 26 हजार 276 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
गुरुवार को रिकवर होने वालों का आंकड़ा 61 हजार 829 रहा। संक्रमण के चलते मरने वालों की 802 रही। 17 अक्टूबर के बाद ये पहली बार है जब एक दिन के अंदर 800 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। 17 अक्टूबर को 1032 मरीजों ने जान गंवा दी थी।
अब हर 100 लोगों में 9 संक्रमित मिल रहे
देश में मरीजों के मिलने की रफ्तार भी बढ़कर 9.21% हो गई है। मतलब अब हर 100 लोग में 9 कोरोना से संक्रमित पाए जा रहे हैं। तीन हफ्ते पहले यानी 11 से 17 मार्च के बीच मरीजों के मिलने की रफ्तार 3.11%, 18 से 24 मार्च के बीच 4.46% और 25 से 31 मार्च के बीच 6.04% की रफ्तार से देश में कोरोना मरीज बढ़ रहे थे।
अमेरिका की राह पर भारत, पहले केस कम हुए फिर अचानक बढ़ने लगे
कोरोना केस के मामले में भारत भी अब अमेरिका की राह पर है। अमेरिका में भी पिछले साल अगस्त और सितंबर में मामले काफी तेजी से घटने लगे थे, फिर अचानक अक्टूबर से इसमें इजाफा शुरू हो गया और दिसंबर में एक महीने के अंदर रिकॉर्ड 63.45 लाख मरीज मिले।
अमेरिका में कोरोना का पहला पीक 24 जुलाई को आया था, तब यहां एक दिन के अंदर सबसे ज्यादा 80 हजार मामले सामने आए थे, लेकिन दूसरी पीक में ये सारे रिकॉर्ड टूट गए। 7 नवंबर से ही यहां हर दिन एक लाख से ज्यादा मरीजों की पहचान होने लगी। 8 जनवरी को रिकॉर्ड 3 लाख 9 हजार से ज्यादा लोग यहां संक्रमित पाए गए। भारत में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। यहां दिसंबर, जनवरी और फरवरी तक काफी कम केस आए लेकिन मार्च से अचानक इसमें जबरदस्त बढ़ोतरी शुरू हो गई।
अब हर दिन एक लाख से ज्यादा मरीज बढ़ रहे हैं। भारत में कोरोना के पहले पीक में एक दिन के अंदर सबसे ज्यादा 97 हजार लोग संक्रमित मिले थे। आंकड़े बता रहे हैं कि अगर इस बार जल्दी ही संक्रमण की रफ्तार पर लगाम नहीं लगती है तो हालात अमेरिका से भी ज्यादा खराब हो जाएंगे।
कोरोना अपडेट्स
प्रमुख राज्यों के हाल…
1. महाराष्ट्र
यहां गुरुवार को 56,286 नए मरीज मिले। 36,130 मरीज ठीक हुए और 376 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 32.29 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 26.49 लाख लोग ठीक हुए हैं, जबकि 57,028 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 5.21 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
2. छत्तीसगढ़
राज्य में लगातार दूसरे दिन 10 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए। महाराष्ट्र के बाद छत्तीसगढ़ दूसरा ऐसा राज्य है, जहां एक दिन के अंदर एकसाथ इतने मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर यहां 10 हजार 652 लोग संक्रमित पाए गए। 1316 लोग रिकवर हुए और 94 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 4 लाख 7 हजार 231 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 34 हजार 543 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4563 मरीजों की जान चली गई। 68 हजार 125 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
3. उत्तर प्रदेश
राज्य में गुरुवार को रिकॉर्ड 8,474 मरीज मिले। 1084 लोग रिकवर हुए और 39 की मौत हो गई। अब तक यहां 6 लाख 54 हजार 404 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 6 हजार 63 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9003 मरीजों की मौत हो गई। 39 हजार 338 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
4. दिल्ली
यहां गुरुवार को 7,437 नए केस आए। 3,363 मरीज ठीक हुए और 42 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.98 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। 6.98 लाख ठीक हुए हैं और 11,175 ने जान गंवाई है। अभी 23,181 का इलाज चल रहा है।
5. मध्यप्रदेश
राज्य में गुरुवार को 4,324 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए, 2296 लोग रिकवर हुए और 27 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 22 हजार 338 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 90 हजार 165 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4113 की मौत हो गई। अभी 28 हजार 60 मरीजों का इलाज चल रहा है।
6. गुजरात
यहां गुरुवार को 4,021 नए कोरोना मरीज मिले। 2,197 मरीज ठीक हुए, जबकि 35 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.32 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.07 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,655 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 20,473 लोगों का इलाज चल रहा है।
7. राजस्थान
राज्य में गुरुवार को 3,526 लोग संक्रमित पाए गए। 520 लोग रिकवर हुए और 20 की मौत हो गई। अब तक यहां 3 लाख 50 हजार 317 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 26 हजार 299 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2886 की मौत हो गई। 21 हजार 132 मरीज ऐसे हैं जिनका अभी इलाज चल रहा है।
8. पंजाब
यहां गुरुवार को 3,119 नए मरीज मिले। 2,480 ठीक हुए, जबकि 56 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.63 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.29 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 7,334 की मौत हुई है। फिलहाल 26,389 लोगों का इलाज चल रहा है।
भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को अगवा कराने में मदद करने वाले मुफ्ती…
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला दुबई…
भारत-न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला…
अपनी उर्दू तो मोहब्बत की ज़बां थी प्यारे उफ़ सियासत ने उसे जोड़ दिया मज़हब…
दिल्ली सरकार की महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने देने वाली योजना को लेकर नई…
अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेनी नेता की यह कहकर बेइज्जती किए जाने के बाद कि ‘आप…