इटावा। जनपद में थाना लवेदी क्षेत्र के अंतर्गत द्वारिका गांव में तेज आंधी और बारिश में गिरे कच्चे मकान के नीचे दबकर दो वर्षीय मासूम की मौत हो गयी और मासूम की मां गम्भीर रूप से घायल हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार के नीचे दबे मासूम के शव को निकालकर घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।
घायल महिला के पति जितेंद्र ने बताया कि वह द्वारिका गांव में रहता है। गुरुवार देर रात उसकी पत्नी और दो साल का बेटा घर पर था, तभी अचानक तेज आंधी और बरसात में उसके घर की कच्ची दीवार गिर गई जिसके नीचे दबने से उनके दो वर्ष के मासूम बेटे मास्टर बाबू की मौत हो गई है और पत्नी रिंकी गम्भीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक लवेदी अमान ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की देर रात आई आंधी और बारिश में उनके थाना क्षेत्र के अंतर्गत द्वारिका इंगुरी गांव में कच्चे मकान की दीवार गिर गयी, जिसमें दो वर्ष के मासूम की मौत हुई है और उसकी मां घायल है। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल महिला की हालत में सुधार है।
उधर, जिला अस्पताल में महिला का इलाज कर रहे डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल में एक महिला और बच्चे को लाया गया है। जिसमें बच्चे की मौत हो गयी है और महिला घायल है, जिसका इलाज किया जा रहा है। बताया गया है दोनों लोग कच्ची दीवार के नीचे दब गए थे जिससे यह हादसा हुआ है। इटावा, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा में तेज आंधी और बरसात में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।आंधी में कई पेड़ और बिजली के खम्भे टूटकर गिर गए और कच्चे मकान की दीवार ढह गयी, जिसके नीचे दबने से दो साल के मासूम की मौत हो गयी और उसकी मां घायल है।