Categories: देश

भीषण चक्रवाती तूफान में बदला डीप डिप्रेशन, 13 किमी घंटे की तेजी से महाराष्ट्र की तरफ बढ़ा

नई दिल्ली। अरब सागर से उठा डीप डिप्रेशन मंगलवार को भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया। इस तूफान का नाम निसर्ग है जो 13 किमी/घंटे की रफ्तार से महाराष्ट्र के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने ताजा अनुमान में बताया है कि यह तूफान महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के हरिरेश्वर और दमन के बीच दोपहर 1 बजे टकरा सकता है। इस दौरान मुंबई, रायगढ़, ठाणे जिलों में हवा की रफ्तार 100 से 120 किमी/घंटे तक हो सकती है। पहले इसके गुजरात से भी टकराने का अनुमान था। अभी यह मुंबई से 150 किमी और रायगढ़ जिले के अलीबाग से 95 किलोमीटर दूर है। मुंबई तो इस सदी के पहले बड़े तूफान की जद में आ रही है।

  • निसर्ग चक्रवाती तूफान की वजह से एक जहाज फंस गया और वह रत्नागिरी के भाटीमिर्या समुद्र किनारे पहुंच गया।
  • मुंबई के ससून डॉक परिसर में चक्रवाती तूफान आने से पहले समुद्र बहुत ही अशांत नजर आया। चूंकि यह मछुआरों का इलाका है। लिहाजा यहां लगातार पुलिस बाइक से गश्त लगा रही है। पुलिस ससून डॉक के शेड के भीतर जाने और समुद्र तट के करीब खड़े न रहने की हिदायत दे रही है।
  • बृहन्नमुंबई महानगरपालिका लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश के दौरान वे घर से बवजह न निकलें। कार से निकलें तो उसमें हथौड़ी या कोई भारी औजर रखें, पानी में फंसकर कार का सेंट्रल लॉक जाम हो जाए तो कांच तोड़कर बाहर निकला जा सके।
  • चक्रवात निसर्ग की वजह से मुंबई से सिर्फ 19 उड़ानों की आवाजाही होगी। इनमें से 11 मुंबई से जाने वाली और 8 आने वाली हैं। अभी यहां 50 उड़ानों का ही संचालन हो रहा था। मुंबई से चलने वाली 5 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
  • साइक्लोन निसर्ग का दायरा बीते एक घंटे में 65 किमी कम हुआ है। हवा की रफ्तार 85-95 किमी/घंटे से बढ़कर 90-100 किमी/घंटे हो गई है।
  • महाराष्ट्र के पालघर जिले के गांवों से 21 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जिले के सभी उद्योगों और बाजारों को बंद कर दिया गया है। मछुआरों से 4 जून तक समुद्र में न जाने को कहा गया है।
  • तूफान को देखते हुए पश्चिम नौसेना कमान ने अपनी सभी टीमों को सतर्क कर दिया है। नौसेना ने 5 बाढ़ टीम और 3 गोताखोरों टीमों को मुंबई में तैयार रखा है।
  • चक्रवात निसर्ग के मद्देनजर एनडीआरएफ की टीमें आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा से मुंबई पहुंच गई हैं।

सवाल-जवाब में समझें निसर्ग तूफान को

तूफान कहां उठा?
यह 1 जून को अरब सागर के मध्य-पश्चिम तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना, जो चक्रवात में बदल गया। तब यह कम दबाव का क्षेत्र मुंबई से 630 किमी दक्षिण और दक्षिण पश्चिम था।

यह कहां और कब टकराएगा?
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग इलाके में दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच टकराएगा।

इसका असर क्या हो रहा?
तूफान के असर से मुंबई और गोवा में बारिश हो रही है। बुधवार को मुंबई में 27 सेमी से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। समुद्र में 2 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं। तूफान की आशंका वाले जिलों में बिजली-पानी की सप्लाई बंद की जा रही है। दक्षिण गुजरात के वलसाड़, नवसारी, सूरत के अलावा दमन, दादरा और नागर हवेली में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्यप्रदेश के भाेपाल, उज्जैन, इंदाैर, ग्वालियर संभाग के कुछ जिलाें और शहराें में भारी या अति भारी बारिश के आसार हैं। ।

इससे क्या नुकसान हो सकता है?
पालघर में देश का सबसे पुराना तारापुर एटॉमिक पॉवर प्लांट है। मुंबई में बार्क (भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर) है। इन्हें नुकसान पहुंचा तो बिजली संप्लाई बंद हो सकती है। रायगढ़ में भी पॉवर, पेट्रोलियम, केमिकल्स और कुछ दूसरी अहम इंडस्ट्रीज हैं। मुंबई में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट और नेवी के अहम रणनीतिक ठिकाने हैं। तूफान से इन्हें भी खतरा है।

महाराष्ट्र में तूफान कितने साल बाद आया है?
मौसम विभाग के साइक्लोन ई-एटलस के मुताबिक, 1891 के बाद पहली बार महाराष्ट्र के तटीय इलाके के आसपास साइक्लोन का खतरा मंडराया है। इससे पहले 1948 और 1980 में ऐसे हालात बने थे, लेकिन वह चक्रवात में बदल पाया इसे लेकर मतभेद हैं।

दो हफ्ते में यह दूसरा तूफान कैसे?
21 मई को अम्फान तूफान आया था। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती इलाकों में तबाही मचाई थी। इसके दो हफ्ते बाद ही अब निसर्ग तूफान आ रहा है।

इसका नाम किसने रखा?
इस तूफान का निसर्ग नाम बांग्लादेश ने दिया है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले तूफानों के नाम बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड देते हैं। भारतीय मौसम विभाग ने अप्रैल 2020 में चक्रवातों की नई सूची जारी की। नई सूची में निसर्ग, अर्नब, आग, व्योम, अजार, तेज, गति, पिंकू और लूलू जैसे 160 नाम शामिल हैं। पिछली लिस्ट का आखिरी नाम अम्फान था। यह नाम थाईलैंड ने दिया था।

केंद्र और राज्यों की क्या तैयारी है?
महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 20 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें से मुंबई में 8, रायगढ़ में 5, पालघर में 2, ठाणे में 2, रत्नागिरी में 2 और सिंधुदुर्ग में 1 टीम राहत और बचाव का काम करेगी। नौसेना ने मुंबई में 5 फ्लड रेस्क्यू टीम और 3 गोताखोर टीम तैनात की हैं। उधर, गुजरात में एनडीआरएफ की 16 टीमों को भेजा गया है। यहां के तटीय जिलाें में 80 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया जा चुका है। दोनों राज्यों के 11 जिलों में अलर्ट है।

admin

Share
Published by
admin

Recent Posts

कुलभूषण को अगवा कराने वाला मुफ्ती मारा गया: अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी

भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को अगवा कराने में मदद करने वाले मुफ्ती…

1 month ago

चैंपियंस ट्रॉफी में IND vs NZ फाइनल आज: दुबई में एक भी वनडे नहीं हारा भारत

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला दुबई…

1 month ago

पिछले 4 टाइटल टॉस हारने वाली टीमों ने जीते, 63% खिताब चेजिंग टीमों के नाम

भारत-न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला…

1 month ago

उर्दू पर हंगामा: उफ़! सियासत ने उसे जोड़ दिया मज़हब से…

अपनी उर्दू तो मोहब्बत की ज़बां थी प्यारे उफ़ सियासत ने उसे जोड़ दिया मज़हब…

1 month ago

किन महिलाओं को हर महीने 2500, जानें क्या लागू हुई शर्तें?

दिल्ली सरकार की महिलाओं को 2500 रुपये हर महीने देने वाली योजना को लेकर नई…

1 month ago

आखिर क्यों यूक्रेन को युद्ध खत्म करने के लिए मजबूर करना चाहते है ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा यूक्रेनी नेता की यह कहकर बेइज्जती किए जाने के बाद कि ‘आप…

1 month ago