तिलक ने कर दिया पाकिस्तान का ‘प्लेन क्रैश’ भारत ने 9वीं बार एशिया कप जीता

भारत ने एशिया कप जीत लिया है। टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। टीम इंडिया ने 9वीं बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता है।

Advertisement

रविवार को 147 रन का टारगेट भारतीय टीम ने 20वें ओवर की चौथी बॉल पर हासिल कर लिया। रिंकू सिंह ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। तिलक वर्मा 69 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पाकिस्तान की टीम 19.1 ओवर में 146 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। पाकिस्तान से साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए।

एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें पहली बार आमने-सामने हैं। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हार्दिक पांड्या चोट की वजह से फाइनल से बाहर हो गए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को पावरप्ले तक भारतीय गेंदबाजों ने बांध के रखा। इसके बावजूद किसी तरह साहिबजादा फरहान 35 गेंद पर अर्धशतक बना सके और फखर के साथ पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की।

ओपनिंग साझेदारी के टूटते ही पाकिस्तानी बल्लेबाजों में ‘तू चल मैं आया’ की होड़ लग गई। पाकिस्तान ने 84 के स्कोर पर 10वें ओवर में पहला विकेट गंवाया था। इसके बाद उन्हें दूसरा झटका 13वें ओवर में 113 के स्कोर पर लगा था। इसके बाद ऐसा लगा कि जैसे कोई दूसरा ही मैच चलने लगा और भारतीय स्पिनर्स के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए।

केवल 33 रन के भीतर 9 विकेट गंवाकर पाकिस्तान की टीम 146 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। 113 से 146 के बीच में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की स्पिन तिकड़ी ने ऐसा जाल बिछाया कि पाकिस्तानी बल्लेबाज उससे बाहर ही नहीं निकाल पाए। पहले तीन बल्लेबाजों के अलावा पाकिस्तान का कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया।

इससे पहले टॉस के समय पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा की बेइज्जती देखने को मिली। पूर्व भारतीय हेड कोच और कमेंटेटर रवि शास्त्री ने सलमान आगा से बात ही नहीं की। वकार युनिस ने पाकिस्तानी कप्तान से सवाल पूछे। यह क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ है जब दो प्रजेंटर टॉस के समय मौजूद रहे।

ये है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन-

पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सईम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस, शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद नवाज, हारिस रउफ, अबरार अहमद

भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here