नोबेल शांति पुरस्कार पाने का ट्रंप का सपना टूटा, मारिया को ये सम्मान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नोबेल शांति पुरस्कार पाने का सपना टूट गया है। ट्रंप को नहीं बल्कि वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा कर दी गई है।

Advertisement

नॉर्वे की नोबेल समिति के अध्यक्ष जॉर्गन वात्ने फ्रिडनेस ने कहा कि वेनेजुएला में राष्ट्रपति पद की विपक्ष की उम्मीदवार रहीं मारिया कोरिना मचाडो कभी गहन तौर पर विभाजित रहे विपक्ष को एकजुट करने वाली प्रमुख शख्सियत हैं। एक ऐसा विपक्ष जिसने स्वतंत्र चुनाव और प्रतिनिधि सरकार की मांग को समान रूप से उठाया।

विशेषज्ञों का कहना है कि समिति आमतौर पर दीर्घकालिक शांति, अंतरराष्ट्रीय बंधुत्व को बढ़ावा देने और उन संस्थानों के कार्यों पर ध्यान केंद्रित करती है जो इन लक्ष्यों को मजबूत करते हैं।

नोबेल शांति पुरस्कार एकमात्र पुरस्कार है जो ओस्लो, नॉर्वे में प्रदान किया जाता है।

इससे पहले चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान और साहित्य के क्षेत्र में 2025 के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा पिछले दिनों स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में की जा चुकी है। अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार विजेता का नाम सोमवार को घोषित किया जाएगा।

नोबेल पुरस्कार क्या होता है?

नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize) दुनिया का सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जो हर साल उन व्यक्तियों या संस्थाओं को दिया जाता है जिन्होंने मानवता के कल्याण में असाधारण योगदान दिया हो।

यह पुरस्कार स्वीडन के वैज्ञानिक अल्फ्रेड नोबेल की याद में दिया जाता है। उन्होंने डायनामाइट (विस्फोटक पदार्थ) का आविष्कार किया था। अपनी मृत्यु से पहले उन्होंने अपनी वसीयत में कहा कि उनकी संपत्ति का उपयोग “मानवता के हित में योगदान देने वालों को सम्मानित करने” के लिए किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here