लखनऊ। लता मंगेशकर कोरोना से जंग हार कर दुनिया को अलविदा कह गईं। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। 92 साल की लता मंगेशकर की कोरोना रिपोर्ट 8 जनवरी को पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके भर्ती होने की खबर भी 2 दिन बाद 10 जनवरी को सामने आई थी। उन्होंने कोरोना और निमोनिया दोनों से 29 दिनों तक एक साथ जंग लड़ी।
लता मंगेशकर के निधन पर यूपी में भी शोक की लहर है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। सीएम योगी ने कहा, ‘स्वर कोकिला, भारत रत्न आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें’।
संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति : केशव

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शोक जताया है। उन्होंने कहा, ‘विश्व की मशहूर गायिका, जीवनपर्यंत संगीत की दुनिया में अभूतपूर्व योगदान देने वाली भारत रत्न सुर साम्राज्ञी आदरणीय लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दु:खद है। दीदी जी का निधन संपूर्ण विश्व के संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है’।
लता दीदी अपनी वेदना लेकर अब किसके पास जाऊं
यतींद्र मिश्रा ने लता मंगेशकर की बायोग्राफी ‘लता सुर गाथा’ लिखी है। यतींद्र मिश्र ने लता के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, ‘मेरी सरस्वती मेरी सुर आराध्या… मेरी रचनात्मकता की सबसे उज्ज्वल उपस्थिति… अपने गंधर्व लोक चलीं गईं। भारत के लिए मनहूस और बेसुरा दिन… लता दीदी, अपनी वेदना लेकर अब किसके पास जाऊं’? बता दें कि बायोग्राफी के लिए साल 2016 में यतींद्र को नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला था।
कुदरत सभी को यह दुःख सहने की शक्ति दे : मायावती

मायावती ने लता के निधन पर शोक जताया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, ‘अपनी सुरीली व मनमोहक आवाज से लोगों के दिल-दिमाग पर कई दशकों तक राज करने वाली लता मंगेशकर के आज निधन की खबर अति-दुःखद है। गीत-संगीत जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार व समस्त प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत सभी को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे’।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि ए मेरे वतन के लोगों, जरा याद करो स्वर-वाणी। भावभीनी श्रद्धांजलि।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित देश की शान और संगीत जगत की स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन से दुखी हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा लता जी का निधन हिंदी सिनेमा व संगीत जगत को स्तब्ध करने वाला है। उनके निधन से संगीत जगत में हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई हो पाना कठिन है। दीक्षित ने उन्हें याद करते हुए पुण्य आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी स्वर कोकिला लता जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। चौधरी ने कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने समृद्ध स्वरों से संगीत को नई ऊंचाइयां दी। भाषा के बंधन को तोड़ उनके गाए गीत विश्व के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचे। उनका निधन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। उनके परिवारीजन व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत की बगिया में सुरों को चुन-चुन कर सजाने वाली सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार मिला। उनके निधन से भारतीय कला जगत को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। ईश्वर लता मंगेशकर जी को श्री चरणों में स्थान दें और इस दु:ख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।