नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के जारी डॉक्युमेंट्री पर बीजेपी ने जोरदार हमला बोला है। बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने राहुल के वीडियो को पॉलिटिकल पॉल्यूशन बताया। उन्होंने कहा कि राहुल को पॉलिटिकल पॉल्यूशन फैलाना बंद करना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह असाधारण संकट का समय है लेकिन कांग्रेस नेता राजनीति करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मजबूती के साथ संघर्ष करके परिश्रम करके कोरोना से लड़ने के लिए जीजान से लगी हुई है। राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘इनकी दिक्कत ये है कि ये हर दिन कन्फ्यूजन पैदा करना चाहते हैं। अगर समस्या का समाधान नहीं कर सकते हैं तो पॉलिटिकल पाखंड का भागीदार तो मत बनिए।’
बता दें कि वायनाड से सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पिछले दिनों प्रवासी मजदूरों के साथ बातचीत के बाद आज अपने यूट्यूब चैनल पर पूरा वीडियो जारी किया है। राहुल की आवाज में इस डॉक्युमेंट्री में मजदूरों की मुश्किलों को बयां किया गया है। वीडियो में मजदूरों ने लॉकडाउन के दौरान हुई दिक्कतों का जिक्र किया। राहुल गांधी ने 16 मई को दिल्ली में प्रवासी मजदूरों से मुलाकात की थी। इसके बाद आज उन्होंने वीडियो जारी किया था।
राहुल ने 17 मिनट 27 सेकेंड के इस वीडियो में लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों के दर्द को दिखाया है। राहुल ने वीडियो के जरिए केंद्र सरकार पर भी हमला बोला है। बता दें कि लॉकडाउन के कारण ट्रेन और बसों के बंद होने के बाद प्रवासी मजदूर पैदल ही अपने-अपने घरों को निकल पड़े थे।












