राजस्थान के जैसलमेर में जैसलमेर-जोधपुर हाईवे मंगलवार दोपहर 3.30 बजे चलती एसी स्लीपर बस में आग लग गई।
20 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। इनमें 19 की जैसलमेर और 79 साल के हुसैन खां की जोधपुर में मौत हुई।
पोकरण विधायक प्रतापपुरी ने हादसे में 20 मौतों की पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा- हादसा शॉर्ट सर्किट से ही हुआ है।
हादसे में 2 बच्चों, 4 महिलाओं समेत 15 लोग झुलस गए। झुलसे यात्रियों को जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल लेकर गए, जहां से सभी को जोधपुर रेफर कर दिया।
अधिकांश यात्री 70 प्रतिशत तक झुलसे हैं। बस में 57 लोग सवार थे। हादसे में मरने वालों की पहचान DNA टेस्ट से होगी।कलेक्टर प्रताप सिंह ने मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की अपील की है।
देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS…









हादसा जैसलमेर के थईयात गांव के पास हुआ। आग की लपटें और धुआं काफी ऊंचाई तक उठता रहा।
बस रोजाना की तरह दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर दूर रास्ते में थईयात गांव के पास अचानक बस के पिछले हिस्से में धुआं उठने लगा।
देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बचने के लिए लोग चलती बस से कूद गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे।
राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सीएम भजनलाल शर्मा ने हादसे की शिकार बस को देखा। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से चर्चा की। सीएम वहां से जोधपुर के लिए निकल गए।
विधायक प्रतापपुरी बोले- 20 की मौत हुई
पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा- इस हादसे में 19 बस में ही जल गए थे। एक की जोधपुर में रेफर करने के दौरान मौत हो गई। सीएम भावुक हो गए थे और वे अपने आप को नहीं संभाल पा रहे थे। इस घटना ने सभी को दुखी किया है। शवों की पहचान डीएनए से होगी।
महंत प्रतापपुरी ने बताया कि- बस की बेट्री में शॉर्ट सर्किट हुआ। ऐसे में एसी की गैस बस में फैल गई। बस की बनावट भी संकरी थी। इन लोगों ने इमरजेंसी गेट भी पीछे लगा रखा था। जबकि दोनों तरफ होना चाहिए। इमरजेंसी तीन दरवाजे होने चाहिए। नई गाड़ी थी और एसी की गैस भी पूरी भरी हुई थी। लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। महज पांच से सात मिनट में ही बस आग का गोला बन गया।
डीएनए जांच के बाद सौंपे जाएंगे शव
इस हादसे में 20 लोगों की मौत हुई है। डीएनए जांच के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। बुधवार सुबह डीएनए जांच की जाएगी। इधर, सीएम करीब 15 मिनट तक जैसलमेर रुके और इसके बाद जोधपुर रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी भी थे।
सीएम मौके पर पहुंचे
सीएम भजनलाल शर्मा मंगलवार देर रात जैसलमेर पहुंचे। वे सीधे आर्मी केंट एरिया पहुंचे।
20 लोगों की मौत की पुष्टि
बस हादसे में जिंदा जले लोगों के शवों को देखकर रूहकांप गई।
डीएनए जांच से होगी मरने वालों की पहचान
इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान के लिए जिला प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। जोधपुर से डीएनए और फोरेंसिक टीम पहुंची है। मृतकों की पहचान के लिए डीएनए की जांच की जाएगी। इसके बाद ही शव सौंपे जाएंगे।
हादसे में स्थानीय पत्रकार की मौत
बस हादसे में स्थानीय पत्रकार राजेंद्र सिंह चौहान की मौत हो चुकी है। उनके साथ जैसलमेर केमिस्ट एसोसिएशन मनोज भाटिया भी साथ थे। दोनों पोकरण में किसी मेडिकल स्टोर के उद्घाटन में जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। मनोज जलते हुए बाहर आ गए, जबकि राजेंद्र सिंह चौहान अंदर ही फंस गए।
जहां हादसा हुआ, वहां आवाजाही पर रोक लगाई
जैसलमेर में जहां हादसा हुआ है, उस जगह पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इसके साथ ही हादसे वाली जगह को पूरा पैक कर दिया है और यहां आवाजाही पर रोक लगा दी है।
कलेक्टर बोले- जिन यात्रियों की मौत हुई उनके परिजन हेल्पलाइन पर संपर्क करें
कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे में झुलसे 16 लोगों को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने इस हादसे में मृतकों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है। कलेक्टर कहा- मैं मृतक यात्रियों के परिजनों से अपील करता हूं कि वे इनकी पहचान के लिए जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर कॉन्टैक्ट करें।
पुलिस बुकिंग एजेंट से पूछताछ में जुटी
इस हादसे के बाद केके ट्रेवल्स की बुकिंग देखने वाले स्वागत ट्रेवल्स के एजेंट लक्ष्मण को एसडीएम और पुलिस पूछताछ के लिए कोतवाली थाने लेकर गई है। यहां से पता चला 4 से 5 लोगों की टिकट काटी थी। बाकी यात्रियों की टिकट बस में ही काटी गई थी और इसकी जानकारी लक्ष्मण के पास है। ऐसे में पुलिस लक्ष्मण से पूछताछ कर रही है कि आखिर बस में कितने यात्री थे। बस जैसलमेर के एयरफोर्स सर्किल से रवाना हुई थी। यहां से गढ़ीसर चौराहा और रेलवे स्टेशन से यात्रियों को बस में चढ़ाया गया था।
घायलों को जोधपुर लेकर निकली एंबुलेंस
8 एंबुलेंस 16 घायलों को लेकर जैसलमेर से जोधपुर के लिए रवाना हो चुकी है। नेशनल हाईवे 125 पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है, पुलिस जवान तैनात है, जिससे एंबुलेंस जल्दी से जल्दी पहुंच सके।
कलेक्टर बोले- बस में अब सिर्फ लाशें हैं
कलेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि इस हादसे के बाद बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई थी। चार घंटे बाद भी बस की बॉडी गर्म है। हादसे में 16 घायल थे, जिन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया है। बस में बाकी बची सवारियों की बॉडी है। कुछ देर में इन्हें निकालना शुरू कर दिया जाएगा। बस गर्म होने के कारण बॉडी निकालने में देरी हो रही है। जोधपुर से भी फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।

कुछ घायलों का मिलिट्री के हॉस्पिटल में भी इलाज जारी
जैसलमेर के जवाहिर हॉस्पिटल प्रबंधन का कहना है कि 16 गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया है। कुछ घायलों का मिलिट्री के हॉस्पिटल में भी इलाज जारी है।
सीएम भजनलाल और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह जैसलमेर जाएंगे
सीएम भजनलाल शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह जैसलमेर जाएंगे। कुछ ही देर में जयपुर से रवाना होंगे। खींवसर जैसलमेर के प्रभारी मंत्री भी हैं। सीएम ने घटना को लेकर जिला प्रशासन से फीडबैक लिया है।
जोधपुर में एमडीएम हॉस्पिटल में ट्रॉमा सेंटर खाली करवाया
मथुरा दास माथुर हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया- हमें हादसे की सूचना मिल गई थी। महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भी तैयारी है। ट्रॉमा सेंटर को भी खाली करवा दिया गया है। स्टाफ को तैनात किया गया है।












