भोपाल। प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस पार्टी दोनों ही कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इसी बीच, एक ऐसी खबर आई है, जो अगर सच है तो उससे कांग्रेस की उम्मीदों को झटका लग सकता है। सूत्रों का कहना है कि चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस का प्रस्ताव ठुकरा दिया है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मंगलवार को कहा था कि आने वाले उपचुनावों में कांग्रेस सभी 24 सीटें जीतने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ बातचीत कर रही है। शर्मा ने कहा था कि प्रशांत किशोर पहले भी कांग्रेस के लिए काम कर चुके हैं। इसलिए उपचुनाव के दौरान विधानसभा क्षेत्रों का सर्वेक्षण और सोशल मीडिया कैम्पेनिंग की रणनीति पर वे काम कर सकते हैं।
शर्मा ने कहा था कि प्रशांत किशोर कांग्रेस को उपचुनाव की सभी सीटें जिताने में मददगार हो सकते हैं। इसके बाद पीसी शर्मा की इस बात पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने हमला करते हुए कहा था कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के 15 महीने के शासनकाल को देख चुकी है। इन महीनों के दौरान कांग्रेस ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किए।
इधर, कहा जा रहा है कि भाजपा, कांग्रेस समेत कई अन्य दलों के लिए चुनावी रणनीति बनाने वाले प्रशांत किशोर ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने की बात से साफ इनकार कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कैप्टन अमरिंदर सिंह चौहान के कहने पर उन्होंने पार्टी के लिए पहले अपनी सेवाएं दी थीं।
पंजाब और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने कांग्रेस की चुनावी रणनीति बनाने में मदद की थी, लेकिन उपचुनावों को लेकर दिया गया यह ऑफर उन्हें मंजूर नहीं है। वे इस तरह टुकड़ों-टुकड़ों में काम नहीं कर सकते हैं। हालांकि अभी तक प्रदेश कांग्रेस के किसी नेता ने प्रशांत किशोर के इनकार की पुष्टि नहीं की है।
Advertisement