लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को किसान न्याय रैली के जरिए किसानों के हक की आवाज बुलंद करेंगी। इससे पहले वह श्रीकाशी विश्वनाथ और दुर्गाकुंड मंदिर दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद लंका चौराहे पर महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगी। वह खुली गाड़ी से रोड-शो भी कर सकती हैं। हालांकि इसका अभी आधिकारिक प्रोटोकॉल जारी नहीं है, लेकिन कार्यकर्ताओं ने तैयारी शुरू कर दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी दिन में करीब 11.20 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। यहां से उनका काफिला गिलट बाजार, भोजूबीर, अर्दली बाजार और हुकुलगंज होते हुए चौकाघाट पहुंचेगा। यहां से वह जीटी रोड पर सिटी स्टेशन होते हुए गोलगड्डा चौराहे पर पहुंचेगी। जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे।
इसके बाद वह पीलीकोठी होते हुए विशेश्वरगंज, मैदागिन, चौक होते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगी। वह मंदिर में गोदौलिया गेट से प्रवेश करेंगी। यहां गर्भगृह में करीब 15 मिनट तक दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद वह गौदौलिया, मदनपुरा, सोनारपुरा होते हुए रवींद्र कालोनी जाएंगी।
पद्मश्री चौराहा से बनकटी हनुमान मंदिर होते हुए पिछले प्रवेश द्वार से वह दुर्गाकुंड मंदिर जाएंगी। जहां वह मां कुष्मांडा देवी का दर्शन-पूजन करेंगी। वह मानस मंदिर, संकटमोचन, रविदास गेट होते हुए लंका चौराहे पर पहुंचेंगी। यहां महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा को माल्यार्पण कर नमन करेंगी।
यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। प्रियंका का काफिला नरिया, सुंदरपुर, भिखारीपुर तिराहा, बीएलडब्ल्यूी, मंडुवाडीह चौराहा, मोढ़ैला होते हुए जगतपुर-रोहनियां स्थित सभास्थल पर पहुंचेगा।
छह विधानसभा क्षेत्रों को साधने की कोशिश
प्रियंका गांधी से बाबतपुर से जगतपुर सभास्थल तक करीब 30 किमी का दौरा सड़क मार्ग से करेंगी। इस दौरान वह छह विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र से शुरुआत कर शिवपुर, उत्तरी, दक्षिणी, कैंट और रोहनियां विस क्षेत्र में पहुंचेंगी। इन छह विधासभा क्षेत्रों में मुस्लिम बाहुल्य इलाकों से जुड़ने का प्रयास करेंगी। पूर्व में सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी इस मार्गों से रोड-शो कर चुके हैं।
पीएम के नक्शेकदम पर उतरीं प्रियंका
राजनीतिक जानकारों की मानें तो प्रियंका गांधी वाराणसी आगमन के दौरान जिन कार्यक्रमों व रूटों को निर्धारित किया है, वह प्रधानमंत्री नक्शेकदम पर उतरते हुए दिखाई दे रही हैं। प्रधानमंत्री जब भी अपने संसदीय क्षेत्र में पहुंचते हैं तो उनका प्रयास रहता है कि ज्यादा से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से जुड़ाव स्थापित कर सके। प्रियंका ने भी कुछ इसी तरह सभा स्थल व दर्शन-पूजन के लिए जाने को ज्यादा से ज्यादा इलाकों का दौरा करने जा रही हैं
रैली के नाम को लेकर दिखा भ्रम
जगतपुर में प्रियंका गांधी की रैली को पहले किसान प्रतिज्ञा रैली का नाम दिया गया था। नेताओं ने अपने पोस्टर बैनर पर किसान प्रतिज्ञा रैली लिखाकर टंगवा भी दिया। लेकिन शनिवार को किसान न्याय रैली का नाम से भी होर्डिंग लगे थे। रैली स्थल के चारों तरफ बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर बैनर लगाए गए हैं। जिसमें प्रियंका गांधी सोनिया गांधी व राहुल गांधी के पोस्टर बैनर लगाए गए हैं।
किसानों के न्याय के लिए निकलीं प्रियंका गांधी
रैली स्थल पर शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने पंडाल और मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आज जब आवश्यकता थी कि किसानों के लिए कोई सामने आए तो सब अपने घरों से ट्विटर चला रहे हैं। किसानों के हितों की लड़ाई के लिए प्रियंका मैदान में उतरी हैं।
वाराणसी सबसे अच्छी जगह है। यह हमारा स्थायी जगह है। कुछ लोग गुजरात से पर्यटन करने आए हैं। वह लौट जाएंगे। किसानों के साथ कांग्रेस पार्टी व प्रियंका किसानों के साथ खड़ी हैं और रहेंगी। उधर रैली स्थल दिनभर नेताओं को आना जाना लगा रहा है। इसमें पूर्व सांसद उरई बृजलाल खावशी, जफर उल्ला खान, आलोक पांडेय, सोभनाथ पांडेय, रेखा शर्मा, राम सुधार मिश्रा, नीरज पाण्डेय शामिल रहे।
किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रियंका को देंगे हल
कांग्रेस किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष आलोक पांडेय रविवार को मंच पर प्रियंका गांधी को लकड़ी का हल भेंट करेंगे। किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौबे ने बताया कि यहां वाराणसी सहित 8 जिलों की रैली है।