धनतेरस के मौके पर सोने और चांदी की कीमतों शुक्रवार को गिरावट देखने को मिली है। इससे दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब 4,500 रुपये तक घट गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की ओर से जारी कीमतों को मुताबिक, 24 कैरेट सोने का दाम 2,677 रुपये कम होकर 1,41,452 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,44,129 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
22 कैरेट सोने का दाम घटकर 1,29,507 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जो कि पहले 1,32,022 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,08,097 रुपये प्रति 10 ग्राम से कम होकर 1,06,089 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।
वायदा के साथ हाजिर बाजार में भी सोने और चांदी में गिरावट देखने को मिली।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.30 प्रतिशत घटकर 1,42,218 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। चांदी का 4 दिसंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,85,181 रुपए प्रति किलो पर था।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोने का दाम 0.94 प्रतिशत कम होकर 4,075 डॉलर प्रति औंस और चांदी का दाम 0.58 प्रतिशत घटकर 52.07 डॉलर प्रति औंस था।
दिल्ली में सस्ता हुआ सोना, चांदी भी लुढ़की
दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को धनतेरस के दिन हाजिर मांग कमजोर रहने के कारण सोने की कीमत 2,500 रुपये टूटकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। बहुमूल्य धातु की ऊंची कीमतों के कारण खरीदारों के सतर्क रहने से मांग प्रभावित हुई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 2,500 रुपये घटकर (सभी करों सहित) 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। बृहस्पतिवार को यह 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये टूटकर 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रही। पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।
सोने में मजबूत रिकवरी देखने को मिली
जानकारों ने कहा कि आज सोने में मुनाफावसूली देखी गई। इस हफ्ते की शुरुआत में 3,875 डॉलर प्रति औंस के स्तर से मजबूत रिकवरी के बाद, सोने के लिए 4,120 डॉलर प्रति औंस एक अहम रुकावट के स्तर के रूप में सामने आया। वही, घरेलू बाजार में 1,38,500 रुपए प्रति 10 ग्राम एक अहम महत्वपूर्ण सपोर्ट के रूप में उभरा, जबकि इस हफ्ते रुपए में लगभग 1.30 प्रतिशत की मजबूती आने के कारण एमसीएक्स पर सोने की बढ़त सीमित रही।
इसके बावजूद, सोने में पूरे हफ्ते के दौरान लगभग 5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। ऊंचे ब्याज दरों के दौर की चिंताओं के चलते लंबे समय तक बिकवाली के दबाव का सामना करने के बाद, अगस्त के बाद से यह सोने के लिए सबसे अच्छा हफ्ता रहा।










