मोदी सरकार-2 का एक साल : योगी और उनकी कैबिनेट ने दी बधाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष को ऐतिहासिक उपलब्धियों वाला बताया है। उन्होंने शनिवार को यहां कहा कि मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल की अल्प अवधि में ही बड़ी उपलब्धियों को हासिल किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने प्रथम कार्यकाल में पूरी दुनिया में भारत को एक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने की आधारशिला रखी थी। दूसरे कार्यकाल में उस मजबूत नींव पर आगे चलने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
योगी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनते ही नरेन्द्र मोदी ने देश को ‘सबका साथ-सबका विकास’ मंत्र दिया था। दूसरे कार्यकाल में उन्होंने इस मंत्र में सबका विश्वास भी जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज कोरोना संकट के समय प्रधानमंत्री मोदी पूरी दुनिया का नेतृत्व करते नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक साल पूरा होने पर प्रधानमंत्री मोदी का हृदय से अभिनंदन किया है।
मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट बृजेश पाठक, डा. महेंद्र सिंह, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी, खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी और प्राथमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सतीश द्विवेदी ने भी केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले वर्ष को ऐतिहासिक बताया है।
उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बताया है। उन्होंने देश को एक मजबूत नेतृत्व दिया है। दुनिया की बड़ी ताकतें भी उनकी कार्यशैली की मुरीद हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के समय प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व के तमाम देशों को संबल प्रदान किया है। वहीं पर्यटन मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही दुनिया की महाशक्ति बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को कोरोना संकट से जिस तरह से उबारा उनकी इस कुशलता को देखकर आज विश्व के शक्तिशाली देश भी उनके सामने नतमस्तक हैं।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here