नई दिल्ली। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 8 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 38,892.64 पर और निफ्टी 11,500 के स्तर के पास खुला। निफ्टी के टॉप गेनर्स में भारती इंफ्राटेल और जी एंटरटेनमेंट के शेयर शामिल हैं, इनके स्टॉक्स में 4-4 फीसदी की बढ़त है। कल आए एजीआर के फैसले का असर आज भी टेलीकॉम कंपनियों के स्टॉक्स पर देखा जा रहा है। वोडाफोन आइडिया के शेयर में 8 फीसदी तक की तेजी है, हालांकि कल स्टॉक में 12 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
आज बाजार में बैंकिंग स्टॉक्स में दबाव देखा जा रहा है। निफ्टी बैंक 209 अंक नीचे 23,602 पर कारोबार कर रहा है। एसबीआई के शेयर में 2 फीसदी तक की गिरावट है।
इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 272 अंक ऊपर 38,900 पर और निफ्टी 82 अंकों की बढ़त के साथ 11,470 पर बंद हुआ था। दोपहर तक बीएसई सेंसेक्स में 587 अंकों की बढ़त रही और निफ्टी भी 11,500 के स्तर को पार पहुंच गया था।
दुनियाभर के बाजारों में रही बढ़त
मंगलवार को दुनियाभर के बाजारों में बढ़त देखने को मिली। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 0.76 फीसदी की बढ़त के साथ 215.61 अंक नीचे 28,645.70 पर बंद हुआ था। वहीं, दूसरे अमेरिकी बाजार नैस्डैक में 1.50 फीसदी बढ़त के साथ 182.16 अंक ऊपर 12,292.90 पर बंद हुआ था। दूसरी तरफ, एसएंडपी 0.75 फीसदी बढ़त के साथ 26.34 पॉइंट ऊपर 3,526.65 पर बंद हुआ था।
इधर, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.39 फीसदी गिरावट के साथ 13.23 अंक नीचे 3,397.38 पर बंद हुआ था। इटली, जर्मनी का बाजार बढ़त और फ्रांस का बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था।
कोरोना से देश और दुनिया में मौतें
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37,66,108 हो गई है। इनमें 7,99,538 की रिपोर्ट पॉजिटिव है। वहीं 28,99,521 संक्रमित ठीक हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 66,460 हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के अनुसार हैं। दूसरी तरफ, दुनियाभर में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 25,900,705 हो चुकी है। इनमें 861,251 की मौत हो चुकी है। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 188,900 हो चुकी है।












