नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों का मिला जुला असर घरेलू मार्केट पर भी है। बुधवार को बाजार की शुरुआत सपाट रही। फिलहाल सेंसेक्स 49,600 पर और निफ्टी 14,600 स्तर के करीब कारोबार कर रहे हैं। बढ़त में IT शेयर सबसे आगे हैं।
सुबह 09:31 बजे सेंसेक्स 158.58 अंक ऊपर 49,556.87 पर कारोबार कर रहा है। इसमें HCL टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त है। दोनों के शेयरों में 2% तक की तेजी है। BSE पर 2,004 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है। इसमें 1,353 बढ़त और 560 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। चौतरफा तेजी के चलते लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 197.09 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
इसी तरह निफ्टी भी 34.55 अंक ऊपर 14,555.70 पर कारोबार कर रहा है। इसमें टाटा मोटर्स के शेयर में 3% की बढ़त है। इसके अलावा HCL टेक और विप्रो के शेयरों में भी 2-2% तक की बढ़त है। वहीं,UPL और गेल के शेयरों में 1-1% से ज्यादा की गिरावट है।
2021 का दूसरा IPO आज से खुलेगा
पेंट्स सेक्टर की कंपनी इंडिगो पेंट्स का IPO आज से खुलेगा। कंपनी इसके जरिए1,176 करोड़ रु. जुटाने का लक्ष्य रखा है। इंडिगो पेंट्स में सिकोइया कैपिटल की बड़ी हिस्सेदारी है। कंपनी 300 करोड़ रुपए के लिए शेयर जारी करेगी। ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 58.40 लाख शेयर जारी किए जाएंगे। इसका प्राइस बैंड 1,488-1,490 रुपए तय किया गया है। इससे पहले 19 जनवरी को कंपनी ने 25 एंकर निवेशकों से 347.9 करोड़ रुपए जुटाए। इंडिगो पेंट्स के इस IPO का मैनेजमेंट कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, एडलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज और ICICI सिक्युरिटीज करेंगी।
इन कंपनियों के आएंगे नतीजे
20 जनवरी को बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, HDFC AMC, फेडरल बैंक, फिलिप कार्बन, हिंदुस्तान जिंक, हैवेल्स इंडिया, L&T टेक, एवरेस्ट इंडस्ट्रीज, तेजस नेटवर्क सहित टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया के तिमाही नतीजे आएंगे।
एशियाई बाजारों में तेजी
आज एशियाई बाजार में सपाट कारोबार हो रहा है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.07% और हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.32% बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। इसी तरह चीन का शंघाई इंडेक्स भी 0.21% ऊपर ट्रेड कर रहा है। जबकि जापान का निक्केई इंडेक्स 0.51% नीचे कारोबार कर रहा है। 20 जनवरी को अमेरिका जो बाइडेन बतौर राष्ट्रपति शपथ ग्रहण करेंगे। उससे पहले अमेरिकी बाजारों में बढ़त दर्ज की गई। इसमें नैस्डैक इंडेक्स 1.53% ऊपर बंद हुआ है। S&P 500 इंडेक्स भी 0.81% ऊपर बंद हुआ। वहीं, यूरोप के बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।
मंगलवार को बाजार में शानदार रिकवरी
भारी विदेशी निवेश के चलते बीते दिन की गिरावट में लगभग रिकवर कर लिया है। 19 जनवरी को विदेशी निवेशकों (FII) ने 6,715.91 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,345.71 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। इसके चलते सेंसेक्स 834 अंकों यानी 1.72% की बढ़त के साथ 49,398.29 पर और निफ्टी 239.85 अंक यानी 1.68% ऊपर 14,521.15 पर बंद हुआ था। सेंसेक्स में बजाज फिनसर्व का शेयर टॉप गेनर रहा। शेयर 6.77% की बढ़त के साथ बंद हुआ था।












