नई दिल्ली। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड, कच्चे तेल और कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी से शेयर बाजार में भारी बिकवाली है। BSE सेंसेक्स 646 अंकों की गिरावट के साथ 49,155.35 पर आ गया है। इंट्राडे में सेंसेक्स दिन के सबसे निचले लेवल 48,962.36 तक भी फिसला। इससे पहले 26 फरवरी के इंडेक्स 49 हजार के लेवल से नीचे फिसलकर 48,890 अंकों तक आया था। निफ्टी इंडेक्स भी 195 अंक गिरकर 14,526.35 पर आ गया है।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 23 शेयरों में गिरावट है। HCL का शेयर सबसे ज्यादा 4% नीचे गिरा है। इसके अलावा टीसीएस, टेक महिंद्रा और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 2-2% की गिरावट है।
बैंकिंग और IT शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली
निवेशक बाजार में IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बिकवाली कर रहे हैं। IT इंडेक्स 3.23% नीचे 25,338.90 पर आ गया है। बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली से निफ्टी बैंक इंडेक्स 528 अंक नीचे 33,701.20 पर कारोबार कर रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 4% नीचे आ गया है।
एक्सचेंज पर 73% शेयरों में गिरावट, मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपए घटा
वहीं, BSE पर 3,074 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 697 शेयरों में बढ़त और 2,247 में गिरावट है। इसमें 393 शेयर ऐसे हैं जिनमें लोअर सर्किट लगा है। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 200.74 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 203.71 लाख करोड़ रुपए रहा था।
फरवरी मे 78.27 लाख यात्रियों ने डॉमेस्टिक फ्लाइट्स से सफर किया
DGCA के मुताबिक फरवरी में घरेलू उड़ानों के द्वारा 78.27 लाख यात्रियों ने यात्रा की। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 36.71% कम है। 2021 में जनवरी के दौरान यह आंकड़ा 77.34 लाख थी। इस साल जनवरी-फरवरी के दौरान डोमेस्टिक एयर रूट के जरिए 155.61 लाख यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले साल समान अवधि में 251.50 लाख यात्रियों ने सफर किया था।
दुनियाभर के शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव
अमेरिका में फेड रिजर्व ने कहा कि देश की आर्थिक ग्रोथ करीब 40 सालों में सबसे मजबूत है। इसीलिए ब्याज दरों को स्थाई रखा गया है, जिससे दुनियाभर के बाजारों में बढ़त है। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.05% ऊपर 30,227 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स में भी 1.51% की बढ़त है। इसी तरह चीन के शंघाई कंपोजिट और कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी खरीदारी है। दूसरी और ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरीज 0.59% नीचे 7,006 अंकों पर बंद हुआ है।
अमेरिकी बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव
अमेरिका में फेड रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थाई रखा है, जिससे 10 ईयर बॉल्ड यील्ड घटा है। इससे शेयर बाजार में खरीदारी हुई और डाओ जोंस 0.58% चढ़कर 33,015 अंकों पर बंद हुआ था। नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स में बढ़त दर्ज की गई । इससे पहले यूरोपियन मार्केट मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं।
बुधवार को लगातार चौथे दिन बाजार में बिकवाली
17 मार्च को शेयर बाजार में भारी बिकवाली दर्ज की गई थी। BSE सेंसेक्स 562 अंकों की गिरावट के साथ 49,801.62 पर और निफ्टी भी 189 पॉइंट नीचे 14,721.30 पर बंद हुए। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,625.82 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 562.15 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।