मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में आज कारोबार की शुरुआत कमजोर रही। सेंसेक्स 104.52 अंक और निफ्टी 49.5 पॉइंट नीचे खुला। हालांकि, शुरुआती 15 मिनट की ट्रेडिंग के बाद बाजार में बढ़त आई। फिलहाल दोनों इंडेक्स में लगभग 0.20% की कमजोरी है, लेकिन बीएसई सेंसेक्स 50,000 और निफ्टी 15,000 से ऊपर बना हुआ है। टाटा मोटर्स के शेयरों में सबसे ज्यादा लगभग 5% की गिरावट आई है।
मझोले शेयरों के निफ्टी इंडेक्स में 0.20% की मजबूती है जबकि स्मॉल कैप इंडेक्स आधा पर्सेंट ऊपर चल रहा है। जिन कंपनियों की वजह से निफ्टी में कमजोरी आई है, उनमें सबसे ऊपर बैंकिंग और ऑटो शेयर हैं। इस लिस्ट में टॉप पर HDFC बैंक, ICICI बैंक, HDFC, टाटा मोटर्स और कोटक बैंक हैं। निफ्टी को सपोर्ट देने वाले शेयरों में RIL, इंफोसिस, TCS, SBI और नेस्ले शामिल हैं।
रियल्टी, फार्मा और आईटी शेयरों का सपोर्ट
बाजार को फिलहाल रियल्टी, फार्मा और आईटी शेयरों में खरीदारी का सपोर्ट मिल रहा है। ऑटो निफ्टी इंडेक्स में लगभग 1% की गिरावट है। एनएसई के लगभग आधे सेक्टर इंडेक्स में कमजोरी है। ऑटो, बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG और मेटल इंडेक्स में 0.1 से लेकर 0.9% तक की गिरावट है। NSE निफ्टी के 31 शेयरों में मजबूती है जबकि 19 शेयर कमजोर चल रहे हैं। बीएसई सेंसेक्स के 14 शेयरों में तेजी जबकि 15 शेयरों में गिरावट आई है।
गिरावट के साथ बंद हुए थे यूरोपीय बाजार
कल, मंगलवार को सभी अहम अमेरिकी स्टॉक इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस में 0.78% की गिरावट आई थी जबकि नैस्डैक 0.56% की गिरावट के साथ बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 35.45 पॉइंट नीचे 4,127.84 पर बंद हुआ था। इधर, यूरोप के फ्रांसीसी और जर्मन स्टॉक एक्सचेंज के अहम सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
सेंसेक्स और निफ्टी ठोस बढ़त के साथ बंद हुए थे
जहां तक घरेलू बाजारों की बात है तो मंगलवार को यहां के अहम शेयर सूचकांक लगातार दूसरे दिन ठोस बढ़त के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 612.60 पॉइंट के उछाल के साथ 50,193.33 पॉइंट पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 184.95 अंक की बढ़त के साथ 15,108.10 अंक पर रहा था।
52 वीक हाई पर गए शेयर
एनएसई के निफ्टी इंडेक्स में शामिल इंडियन ऑयल और UPL के शेयरों ने आज 52 वीक हाई छुआ। जिन दूसरे शेयरों ने आज 52 हाई का लेवल छुआ है, उनमें अडाणी ट्रांसमिशन, बिड़ला कॉरपोरेशन, एडवांस्ड एंजाइम टेक, सोलारा एक्टिव और गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स शामिल हैं।
रिजल्ट और डिविडेंड
आज क्लैरिएंट केमिकल्स (3.16%), एंड्यूरेंस टेक्नोलॉजीज, हैरिटेज फूड्स, इंडियाबुल्स हाउसिंग, इंडियन ऑयल, जेके टायर, प्रिज्म जॉनसन, राणे इंजन, SML ईसुजू, टैनला प्लेटफॉर्म्स, TD पावर, जुआरी एग्रो के वित्तीय नतीजे आने वाले हैं।
- प्रिज्म सीमेंट को मार्च क्वॉर्टर में 157 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ है। पिछले साल मार्च क्वॉर्टर में कंपनी को 37.9 करोड़ रुपए का लॉस हुआ था। दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 47.2 करोड़ रुपए था। इस तरह कंपनी का प्रॉफिट तिमाही आधार पर तिगुना से ज्यादा हो गया है। शेयर दो पर्सेंट ऊपर चल रहा है।