कोरोना से संक्रमित हुए मिल्खा सिंह, हालत स्थिर

चंडीगढ़। पूर्व दिग्गज भारतीय धावक मिल्खा सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। मिल्खा चंडीगढ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में है। ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर 91 वर्ष के मिल्खा सिंह में कोई लक्षण नहीं हैं।
उनकी 82 वर्षीय पत्नी निर्मल कौर ने कहा, “वह ठीक हैं, लेकिन मैं चिंतित हूं क्योंकि वह 91 वर्ष के हैं। स्थानीय स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान संस्थान ने उनकी देखभाल के लिए ऑक्सीजन सुविधाओं के साथ एक परिचारक भेजा है। हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मिल्खा सिंह का अभी तक टीकाकरण नहीं हुआ है।
उन्होंने आगे कहा, “हमारी बेटी, मोना मिल्खा सिंह, न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन अस्पताल केंद्र में एक आपातकालीन कक्ष (ईआर) डॉक्टर है। मोना लगातार मेरे और मिल्खा जी के साथ वीडियो कॉल पर हैं। वह हमारा मार्गदर्शन कर रही है। अब हम (बेटे) जीव के हमारे साथ आने का इंतजार कर रहे हैं।”
बता दें कि मिल्खा सिंह के बेटे गोल्फर जीव मिल्खा सिंह दुबई में है और इसी सप्ताह लौटेंगे। 1958 में स्वतंत्र भारत के इतिहास में कॉमनवेल्थ गेम्स में मिल्खा सिंह ने पहला गोल्ड मेडल जीता था।।मिल्खा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में आजाद भारत का पहला गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इसके अलावा एशियन गेम्स में 2 गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम ऊंचा कर दिया था। पांच बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह 1960 के रोम ओलंपिक में 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here