रिपोर्ट में दावा- फाइजर वैक्सीन भारत में मिले वैरिएंट पर भी असरदार

वॉशिंगटन/लंदन। दुनियाभर में भी कोरोना के मामले अब कम होने लगे हैं। बीते दिन दुनिया में 5 लाख 65 हजार 635 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इस दौरान 10,553 लोगों की मौत भी हुई। मई के महीने में यह तीसरा मौका है, जब नए संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख के नीचे पहुंचा है। इससे पहले 16 मई को 5.48 लाख और 17 मई को 5.38 लाख केस आए थे।

Advertisement

उधर, रिपोर्ट में दावा किया गया कि फाइजर या एस्ट्राजेनका-ऑक्सफोर्ड की कोरोना वैक्सीन वैक्सीन की दोनों डोज वायरस के वैरिएंट B1.617.2 पर 80% तक असरदार है। यह वैरिएंट सबसे पहले भारत में पाया गया था। ब्रिटेन गवर्नमेंट की स्टडी में इसका खुलासा किया गया।

अमेरिकी वैज्ञानिक भी इसका दावा कर चुके
इससे पहले अमेरिकी वैज्ञानिकों ने भी भारत में पहली बार पहचाने गए दो कोरोना वैरिएंट के खिलाफ फाइजर और मॉडर्ना कोविड वैक्सीन प्रभावी बताया था। यह स्टडी NYU ग्रॉसमैन स्कूल ऑफ मेडिसिन और NYU लैंगोन सेंटर us की थी। स्टडी में पाया गया कि फाइजर और मॉर्डना कंपनी की वैक्सीन कोरोना से लड़ने में पूरी तरह कारगर है।

WHO ने इस वैरिएंट को बताया था खतरनाक
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कोरोना की दूसरी लहर में भारत में फैल रहे स्ट्रेन को वैश्विक स्तर पर चिंताजनक (वैरिएंट ऑफ कंसर्न) बताया है। उसका कहना है कि भारत में सबसे पहले अक्टूबर में पाया गया यह वैरिएंट B1.617 ज्यादा संक्रामक लग रहा है और यह आसानी से फैल सकता है।

कोरोना अपडेट्स

  • नेपाल में शनिवार को कोरोना के 8,980 नए केस सामने आए। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 लाख के पार हो गई। इस दौरान 129 मौतें भी हुई हैं। पिछले एक हफ्ते का डेटा देखा जाए तो नेपाल में नए केस घटे हैं। हालांकि मौतों में 24% का इजाफा हुआ है।
  • नेपाल में पिछले हफ्ते 62,055 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वहीं इस हफ्ते यह संख्या 8% गिरकर 57,394 हो गई। इसी तरह पिछले हफ्ते 1,355 मौतें हुई थीं। इस हफ्ते यह संख्या बढ़कर 1,939 हो गई। देश में अब तक कुल 6,153 लोगों की जान संक्रमण से गई है।
  • बीते कुछ दिनों से रोजाना नए मामले भारत में सबसे ज्यादा आ रहे हैं। बीते दिन भारत में 2.43 लाख नए केस आए। इसके बाद ब्राजील में 71,283, अर्जेंटीना में 32,171, अमेरिका में 19,639 और कोलंबिया में 18,737 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।
  • कोरोना की वजह से होने वाली मौतों की बात करें, तो सबसे रोजाना सबसे ज्यादा लोगों की जान भारत में ही हो रही हैं। शनिवार को यहां 3,788 लोगों की मौत हुई। इसके बाद ब्राजील में 1,764, कोलंबिया में 509, अमेरिका में 468 और रूस में 386 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई।

अब तक 16.70 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 16.70 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 34.68 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, जबकि 14.79 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.56 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.55 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 97,448 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here