“अगर एक टेस्ट न्यूजीलैंड और एक इंडिया में हो तभी WTC Final ज्यादा रोमांचक होगा”

नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक (Inzamam ul Haq) ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल (WTC Final) को बैलेंस्ड और रोमांचक बनाने के लिए एक अहम सुझाव दिया है। उन्होंने कहा है कि इस चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला दो मैचों का होना चाहिए, जिसमें से एक-एक मैच की मेजबानी दोनों ही टीमें करें।

Advertisement

दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारत को न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने 8 विकेटों से भारतीय टीम को हरा दिया। कीवी गेंदबाजों के लिए इंग्लैंड की परिस्थितियां ज्यादा मददगार साबित हुईं और इसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। जबकि दूसरी तरफ भारतीय गेंदबाज संघर्ष करते हुए नजर आए।

इंजमाम उल हक ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, मेरी सलाह ये है कि आप दो टेस्ट मैचों का फाइनल खेलें। एक गेम न्यूजीलैंड में या जो भी फाइनलिस्ट हो वहां पर और एक मुकाबला इंडिया में खेलें। इससे रिजल्ट ज्यादा पारदर्शी होगा।

अगर ये वर्ल्ड कप की तरह होता जहां पर सारे मुकाबले एक ही देश में खेले जाते हैं तब बात अलग होती। इसलिए ये मेरी व्यक्तिगत राय है कि भविष्य में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में दो मैच हों और दोनों ही फाइनलिस्ट एक-एक मैच की मेजबानी करें।

इंजमाम उल हक के मुताबिक कुछ देशों की परिस्थितियां लगभग एक जैसी हैं और इसी वजह से न्यूट्रल वेन्यू का मतलब ही नहीं रह जाता है। उन्होंने आगे कहा, अगर सबकॉन्टिनेंट की टीम को आप इन परिस्थितियों में खिला रहे हैं तो उससे उन्हें फायदा नहीं होगा। हार और जीत खेल का हिस्सा होती है लेकिन उस तरह का कंपटीशन नहीं देखने को मिलेगा क्योंकि एक टीम को आप पहले ही फायदा दे रहे हैं। न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के कंडीशंस लगभग एक जैसे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here