कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच 3 टी-20 की सीरीज का दूसरा मैच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया। टीम इंडिया के लिए शिखर धवन और ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग कर रहे हैं। भारतीय टीम इस मैच में 5 बैट्समैन और 6 बॉलर्स के साथ मैदान पर उतरी है।
भारत के लिए इस मैच में 4 प्लेयर्स डेब्यू कर रहे हैं। देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज, नीतीश राणा और चेतन साकरिया का यह पहला टी-20 मैच है। पडिक्कल और ऋतुराज का यह पहला इंटरनेशनल मैच है। वहीं नीतीश और साकरिया श्रीलंका के खिलाफ ही वन-डे सीरीज में डेब्यू कर चुके हैं।
भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने मैच से पहले कहा था कि हमारे पास आइसोलेशन में गए 9 खिलाड़ियों के अलावा 11 खिलाड़ी थे। वे सभी इस मैच में खेलेंगे। वहीं श्रीलंका में 2 बदलाव किए गए हैं। चरिथ असलंका की जगह सदीरा समाराविकरामा और अशेन बंडारा की जगह रमेश मेंडिस को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
दोनों टीमें
भारत : शिखर धवन (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), नीतीश राणा, राहुल चाहर, भुवनेश्वर कुमार, चेतन साकरिया, नवदीप सैनी, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती।
श्रीलंका : दासुन शनाका (कैप्टन), अविष्का फर्नांडो, मिनोद भानुका (विकेटकीपर), धनंजय डिसिल्वा, सदीरा समरविक्रमा, रमेश मेंडिस, वानिंदु हसारंगा, चमिका करुणारत्ने, इसुरू उदाना, अकिला धनंजय और दुष्मंथ चमीरा।
नेट बॉलर्स को इंडियन स्क्वॉड में शामिल किया गया
कोरोना पॉजिटिव क्रुणाल पंड्या और उनके संपर्क में आए 8 खिलाड़ी इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। क्रुणाल को टीम से अलग कर दिया गया है। उन्हें दूसरे होटल में आइसोलेट किया गया है। जबकि उनके संपर्क में आए आठों खिलाड़ियों को कोरोना प्रोटोकॉल के तहत 72 घंटे तक ग्राउंड पर आने की इजाजत नहीं है। वे टीम होटल में ही आइसोलेट हैं।
आइसोलेशन में गए खिलाड़ियों में पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, मनीष पांडेय, ईशान किशन और कृष्णप्पा गौतम शामिल हैं। BCCI ने इनके रिप्लेसमेंट के तौर पर नेट बॉलर्स के रूप में दौरे पर गए इशान पोरेल, संदीप वारियर, अर्शदीप सिंह, साई किशोर और सिमरनजीत सिंह को रेगुलर स्क्वॉड में शामिल किया है।
श्रीलंका के खिलाफ लगातार 6वीं सीरीज जीतने का मौका
टीम इंडिया के पास श्रीलंका के खिलाफ लगातार छठी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीतने का मौका है। भारतीय टीम अब तक एक बार भी श्रीलंका से द्विपक्षीय टी-20 सीरीज नहीं हारी है। दोनों टीमों के बीच इससे पहले 7 टी-20 सीरीज खेली गई हैं। इसमें भारत ने 6 सीरीज जीती हैं। 2009/10 में हुई सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी। इसके बाद से टीम इंडिया ने सभी सीरीज जीती हैं।
श्रीलंका की बात करें तो टीम 24 जुलाई 2019 से 21 टी-20 मैच खेल चुकी है। इसमें से उसने सिर्फ 5 मैच में टीम ने जीत हासिल की, जबकि 15 मैचों में श्रीलंकाई टीम हार चुकी है। 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। श्रीलंका अपने पिछले 5 टी-20 मैच भी हार चुका है।
टीम इंडिया शानदार फॉर्म में है
इधर, भारतीय टीम इस वक्त शानदार फॉर्म में है। उसने 24 जुलाई 2019 से लेकर अब तक 28 मैच खेले हैं। इसमें से 19 मुकाबलों में जीत हासिल की। टीम को 6 मैचों में हार मिली और 2 मैच टाई रहे। 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। टीम इंडिया अपने पिछले 5 टी-20 मैचों में से 4 जीत चुकी है।
स्पिनर अकिला धनंजय को हसारंगा का साथ देना होगा
विकेटकीपर बल्लेबाज मिनोद भानुका, धनंजया डिसिल्वा और अशेन बंडारा पहले टी-20 में कुछ खास नहीं कर सके थे। बॉलिंग की बात की जाए तो दुष्मंथ चमीरा और वानिंदु हसारंगा के अलावा कोई भी बॉलर खास प्रभाव नहीं डाल सका। ऐसे में स्पिनर अकिला धनंजय को भी हसारंगा का साथ निभाना होगा।










