इटली में 1,740 आबादी वाला ‘शतायु’ गांव, मंत्र है- बातें करना, किताबें और ताजी हवा

सार्दिनिया। इटली के सार्दिनिया प्रांत का पहाड़ी गांव पेरडैसडेफोगु। आबादी महज 1,740। खासियत- इनमें 8 लोगों की उम्र 100 या इससे अधिक है। यहां अधिकतर परिवारों के चार-पांच लोगों का देहांत 100 साल की उम्र पूरी करने के बाद हुआ है। इस साल 5 लोगों ने 100 की उम्र पार की। अगले 2 साल में 10 और लोग शतायु हो जाएंगे। यही कारण है कि सार्दिनिया में बर्थडे केक पर लगने वाली मोमबत्तियों की आपूर्ति लगातार बनाए रखनी पड़ती है।

Advertisement

इसी साल पांच बर्थडे में 500 कैंडल इस्तेमाल हो चुकी हैं। सार्दिनिया प्रांत दुनिया के उन पांच क्षेत्रों में शामिल है, जहां 100 से अधिक उम्र वाले लोगों की संख्या सबसे अधिक है। इस प्रांत में अभी 534 लोगों की उम्र 100 या इससे अधिक है। यानी 1 लाख आबादी में 37 लोग। इटली में उम्र का शतक लगाने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 2009 में देश में ऐसे लाेगों की संख्या 11,000 थी। 2019 में बढ़कर 14,456 हुई और 2021 में 17,935 हो गई।

100 पार के लोगों की संख्या राष्ट्रीय औसत से 13 गुना ज्यादा
पेरडैसडेफोगु इसलिए खास है, क्याेंकि वहां 100 पार के लोगों की संख्या राष्ट्रीय औसत से 13 गुना ज्यादा है। कैग्लियारी विश्वविद्यालय में जनसांख्यिकी की प्रो. लुइसा सालारिस कहती हैं, ‘निश्चित रूप से इसकी वजह ताजी हवा और अच्छा भोजन है। लेकिन मेरा मानना ​​​​है कि लंबी उम्र का एक कारण तनाव के प्रति उनका दृष्टिकोण भी है। ये लोग 100 साल पहले पैदा हुए थे।

उनका जीवन आसान नहीं था। उन्होंने भूख और युद्ध का सामना किया, लेकिन वे खुद को हर परिस्थिति के अनुकूल बनाने में कामयाब रहे। अगर कोई समस्या है, तो वे इसे जल्दी से हल करते हैं।’ पेरडैसडेफोगुु की अधिकतर आबादी बुजुर्ग है, इसका मतलब यह नहीं है कि यहां जीवन नहीं है। यहां सालभर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। किताबें भी इनकी उम्र बढ़ाने में कारगर साबित हुई हैं।

100 साल के गैब्रियल गारसिया कहते हैं, ‘पढ़ना आपको जीवित रखता है।’ मजे की बात यह है कि यह साहित्यिक समारोह 80 साल के मेलिस आयोजित करते हैं, जो जर्नलिस्ट हैं। यहां आखिरी इवेंट पिछले महीने आयोजित हुआ था। उसमें लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के राजनीति के प्रो. जोनाथन हॉपकिन आए थे। उनसे बात करने वालों में सबसे आगे 103 वर्ष के एंटोनियो ब्रुंडू शामिल थे। वहीं 99 साल के विटोरियो लाई भी बराबर सक्रिय थे।

आपके सामाजिक संपर्क अच्छे हैं, तो आप अच्छा जीवन जी सकते हैं
105 साल से अधिक उम्र की मेलिस कहती हैं, हम ऐसी जगह रहते हैं जहां साफ हवा मिलती है। यहां लोगों की लंबी उम्र का एक और राज सामुदायिकता की भावना होना है। यहां बुजुर्ग घरों पर रहते हैं, न कि वृद्धाश्रम में। सामाजिक होना अहम है क्योंकि आपके संपर्क अच्छे हैं, आप याद रखते हैं, आंकते हैं तो आप अच्छा जीते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here