बढ़े तेल के दाम: अक्टूबर में पेट्रोल 3.15, डीजल 3.65 रुपए महंगा

नई दिल्ली। सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी गुरुवार को पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। आज दिल्ली में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 35-35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 104.79 रुपए और डीजल के दाम 93.52 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। देश के 30 राज्यों में पेट्रोल और 13 राज्यों में डीजल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है।

Advertisement

इस महीने पेट्रोल 3.15 और डीजल 3.65 रुपए महंगा हुआ
इस महीने 14 दिन में पेट्रोल-डीजल 11 बार महंगे हो चुके हैं। इससे पेट्रोल 3.15 और डीजल 3.65 रुपए तक महंगा हो चुका है। IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि कच्चे तेल की मांग बढ़ने के कारण इसके दाम 80 डॉलर के पार निकल गए हैं और ये आने वाले दिनों में 90 डॉलर तक जा सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं।

इस साल अब तक पेट्रोल 20.47 और डीजल 19.05 रुपए तक महंगा हुआ
इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 रुपए प्रति लीटर था। अब ये 104.79 और 93.52 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 10 महीने से भी कम समय में पेट्रोल 20.82 और डीजल 19.40 रुपए तक महंगा हुआ है।

83 डॉलर के पार निकला कच्चा तेल
शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में ब्रेंट क्रूड 83.76 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। ये 3 साल में कच्चे तेल का उच्चतम स्तर है। इससे पहले अक्टूबर 2018 में कच्चा तेल 83 डॉलर के पार गया था।

30 राज्यों में पेट्रोल और 13 राज्यों में डीजल 100 के पार
देश के 29 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पुडुच्चेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, झारखंड, गोआ, असम, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, मेघालय और राजस्थान में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।

वहीं डीजल की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, कर्नाटक और राजस्थान में कई जगहों पर ये भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here