26/0 से 57 पर ऑलआउट, UAE के नाम T20I में दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

नई दिल्‍ली। संयुक्‍त अरब अमीरात (यूएई) की टीम का एशिया कप 2025 में आगाज बेहद शर्मनाक रहा। भारत के खिलाफ यूएई की टीम केवल 57 रन पर ढेर हो गई। यह यूएई का अपने टी20 इंटरनेशनल इतिहास में सबसे कम स्‍कोर है। इससे पहले यूएई का टी20 इंटरनेशनल प्रारूप में सबसे कम स्‍कोर 62 रन था। स्‍कॉटलैंड ने 2024 में यूएई को 62 रन पर ऑलआउट किया था। बता दें कि भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने बुधवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

Advertisement

यूएई को ओपनर्स अलीशान शराफु (22) और कप्‍तान मोहम्‍मद वसीम (19) ने 26 रन की शुरुआत दिलाई। जसप्रीत बुमराह ने पारी के चौथे ओवर में शराफु को क्‍लीन बोल्‍ड करके यूएई को पहला झटका दिया। यहां से भारतीय गेंदबाज पूरी तरह यूएई पर हावी हो गए। यूएई ने अगले 31 रन पर अपने सभी 10 विकेट गंवा दिए।

यूएई के टी20 इंटरनेशनल में 5 सबसे कम स्‍कोर

  1. 57 बनाम भारत – 2025*
  2. 62 बनाम स्‍कॉटलैंड – 2024
  3. 73 बनाम श्रीलंका – 2022
  4. 73 बनाम नीदरलैंड्स – 2016
  5. 80/9 बनाम नीदरलैंड्स – 2019

कुलदीप की मैजिकल बॉलिंग

भारतीय टीम ने यूएई को उसके सबसे कम टी20 इंटरनेशनल स्‍कोर पर ऑलआउट करके नया कीर्तिमान स्‍थापित किया। टीम इंडिया ने स्‍कॉटलैंड का रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले 2016 में भारतीय टीम के खिलाफ यूएई का सबसे कम टी20 इंटरनेशनल स्‍कोर 81/9 था।

भारतीय टीम की सफलता में सबसे बड़ा हाथ चाइनामैन कुलदीप यादव का रहा। कुलदीप ने केवल 2.1 ओवर में 7 रन देकर चार विकेट झटके। बाएं हाथ के रिस्‍ट स्पिनर ने मोहम्‍मद वसीम, राहुल चोपड़ा, हर्षित कौशिक और हैदर अली को अपना शिकार बनाया।

भारतीय गेंदबाजों का दबदबा

कुलदीप के अलावा मध्‍यम गति के गेंदबाज शिवम दुबे ने तीन विकेट झटके। दुबे ने 2 ओवर में 4 रन देकर तीन शिकार किए। दुबे ने आसिफ खान, ध्रुव पाराशर और जुनैद सिद्दकी को अपना शिकार बनाया। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here