इंडिया विमेंस ने श्रीलंका को पांचवें टी-20 में 15 रन से हराकर सीरीज 5-0 से जीत ली। टीम ने तीसरी बार 5-0 के अंतर से टी-20 सीरीज जीती, इससे पहले टीम वेस्टइंडीज और बांग्लादेश को भी इसी अंतर से हरा चुकी है। तिरुवनंतपुरम में मंगलवार को श्रीलंका ने बॉलिंग चुनी। भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। श्रीलंका 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी।
ग्रीनफील्ड स्टेडियम में भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने 43 गेंद पर 9 चौके और 1 छक्का लगाकर 68 रन बनाए। अरुंधति रेड्डी ने 27 और अमनजोत कौर ने 21 रन बनाए। श्रीलंका से चमारी अटापट्टू, कविषा दिलहारी और रश्मिका सेवांदी ने 2-2 विकेट लिए।

श्रीलंका ने लगातार विकेट गंवाए श्रीलंका ने दूसरे ही ओवर में कप्तान चमारी अटापट्टू का विकेट गंवा दिया। यहां से हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी ने 79 रन की पार्टनरशिप की। इमेशा 50 रन बनाकर आउट हुईं, यहां से श्रीलंकाई पारी संभल ही नहीं सकी और टारगेट से दूर रह गई। हसिनी परेरा ने 65 रन बनाए। भारत से श्री चरणी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी और अमनजोत कौर ने 1-1 विकेट लिया। एक बैटर रन आउट भी हुईं।
2 वेन्यू पर खेले गए 5 टी-20 शुरुआती 2 टी-20 विशाखापट्टनम और आखिरी 3 टी-20 तिरुवनंतपुरम में खेले गए। भारत पहला मैच 8 विकेट, दूसरा 7 विकेट और तीसरा भी 8 विकेट से जीता। फिर चौथे मुकाबले 30 रन से जीत दर्ज करने के बाद पांचवां मैच 15 रन से अपने नाम कर लिया।
शेफाली टॉप स्कोरर रहीं भारत की शेफाली वर्मा टॉप स्कोरर रहीं, उन्होंने 5 टी-20 में 80.33 की औसत से 241 रन बनाए। उन्होंने 36 चौके और 5 छक्के लगाए। श्रीलंका से हसिनी परेरा टॉप स्कोरर रहीं, उन्होंने 33 की औसत से 165 रन बनाए।
गेंदबाजों में भारत की दीप्ति शर्मा, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने 5-5 विकेट लिए। वहीं श्रीलंका से कविषा दिलहारी टॉप विकेट टेकर रहीं, उन्होंने भी 5 ही विकेट अपने नाम किए।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी।
श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, कविषा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, कौशिनी नुथयांगना, रश्मिका सेवांदी, मालकी मदारा, इनोका रणवीरा, निमाषा मदुशानी।
अपडेट्स
15 रन से जीती इंडिया विमेंस
आखिरी ओवर में श्रीलंका को 25 रन चाहिए थे, टीम 9 रन ही बना पाई और 15 रन से मुकाबला गंवा दिया। टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। रश्मिका सेवांदी 14 और मालकी मदारा 5 रन बनाकर नॉटआउट रहीं।
श्रीलंका के 150 रन पूरे
19वें ओवर में श्रीलंका ने 150 रन पूरे कर लिए। रश्मिका सेवंदी और मालकी मदारा पिच पर मौजूद रहीं। टीम ने 140 रन के स्कोर पर 7वां विकेट गंवा दिया था।
एक ओवर में 2 विकेट गिरे

18वें ओवर में श्रीलंका ने 2 विकेट गंवा दिए। ओवर की चौथी बॉल पर कौशिनी नुथयांगना रन आउट हो गईं। वहीं पांचवीं गेंद पर स्नेह राणा ने हर्षिता समरविक्रमा को कैच करा दिया।
हसिनी फिफ्टी लगाकर आउट

17वें ओवर में श्रीलंका ने ओपनर हसिनी परेरा का विकेट भी गंवा दिया। ओवर की चौथी गेंद पर श्री चरणी ने हसिनी को बोल्ड कर दिया। हसिनी 65 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने 42 गेंद पर 8 चौके और 1 छक्का लगाया।
वैष्णवी शर्मा को विकेट

15वें ओवर में लेफ्ट आर्म स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने पहला विकेट झटक लिया। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर कविषा दिलहारी को बोल्ड कर दिया। कविषा 3 रन ही बना सकीं।
हसिनी परेरा ने फिफ्टी लगाई
16वें ओवर में श्रीलंका की ओपनर हसिनी परेरा ने फिफ्टी लगा दी। उन्होंने अमनजोत कौर के खिलाफ ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लिया और 37 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली। यह सीरीज में उनकी पहली ही फिफ्टी है।
दीप्ति टॉप विकेट टेकर बनीं
14वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने भारत को तीसरा विकेट दिलाया। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर निलाक्षी डी सिल्वा को LBW कर दिया। वे 3 रन ही बना सकीं। इसी के साथ दीप्ति टी-20 इंटरनेशनल की टॉप विकेट टेकर बन गईं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 151 विकेट हैं।
अमनजोत ने फिफ्टी पार्टनरशिप तोड़ी

12वें ओवर में श्रीलंका ने दूसरा विकेट गंवाया। अमनजोत कौर ने ओवर की पहली ही गेंद पर इमेशा दुलानी को कैच करा दिया। वे 39 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने हसिनी परेरा के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 गेंद पर 79 रन की पार्टनरशिप की।
इमेशा दुलानी की फिफ्टी पूरी
11वें ओवर में श्रीलंका की इमेशा दुलानी ने फिफ्टी लगा दी। उन्होंने वैष्णवी शर्मा के खिलाफ ओवर में सिंगल लेकर 38 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। उनके साथ हसिनी परेरा भी पिच पर मौजूद रहीं।
10 ओवर में श्रीलंका 75/1

176 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका विमेंस ने 10 ओवर में 1 विकेट खोकर 75 रन बना लिए। इमेशा दुलानी और हसिनी परेरा ने दूसरे विकेट के लिए फिफ्टी पार्टनरशिप कर ली।
श्रीलंका की फिफ्टी पूरी
7वें ओवर में श्रीलंका ने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली। हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी पिच पर मौजूद रही। टीम ने दूसरे ओवर में कप्तान चमारी अटापट्टू का विकेट गंवा दिया था। हसिनी और इमेशा ने दूसरे विकेट के लिए फिफ्टी पार्टनरशिप भी कर ली।
अरुंधति ने भारत को पहला विकेट दिलाया

अरुंधति रेड्डी ने अपने पहले और श्रीलंकाई पारी के दूसरे ओवर में भारत को पहला विकेट दिला दिया। उन्होंने 5वीं बॉल पर श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू को दीप्ति शर्मा के हाथों कैच कराया। अटापट्टू 2 रन ही बना सकीं।
दीप्ति शर्मा के पहले ओवर से 3 रन आए

176 रन का टारगेट चेज करने उतरीं श्रीलंकाई ओपनर्स पहले ओवर में 3 रन ही बना सकीं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा को गेंद थमाई थी। उनकी दूसरी, 5वीं और छठी बॉल पर सिंगल आए।
इनिंग ब्रेक: श्रीलंका को 176 रन का टारगेट
20वें ओवर से 20 रन आए, 3 चौके और एक छक्का
भारतीय पारी के आखिरी ओवर से 20 रन आए। मलकी मदारा के इस ओवर में अरुंधति रेड्डी ने 3 चौके और एक छक्का लगाया। इस तरह भारत ने 175 रन बनाते हुए श्रीलंका को 176 रन का टारगेट दिया।
हरमनप्रीत कौर 68 रन बनाकर आउट
18वें ओवर में भारतीय टीम ने 7वां विकेट गंवाया। यहां पर कप्तान कप्तान हरमनप्रीत कौर 68 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें कविषा दिलहारी ने बोल्ड कर दिया। उन्हें दूसरा विकेट मिला है। उन्होंने पावरप्ले में जी कमलिनी (12 रन) को LBW किया।
भारत का छठा विकेट गिरा, अमनजोत आउट
17वें ओवर की 5वीं बॉल पर अमनजोत कौर 21 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें रश्मिका सेवांदी ने कविषा दिलहारी के हाथों कैच कराया। रश्मिका को दूसरा विकेट मिला है। उन्होंने हरलीन देओल (13 रन) को बोल्ड कर दिया।
हरमनप्रीत की फिफ्टी, भारत का स्कोर 100 पार

15वें ओवर में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 35 बॉल पर हाफ सेंचुरी पूरी की। हरमन ने इस ओवर में चमारी अटापट्टू की बॉल पर लगातार दो चौके लगाए। इसी ओवर में टीम इंडिया ने 100 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया।
दीप्ति भी पवेलियन लौटीं, अटापट्टू को दूसरा विकेट

11वें ओवर में भारत का 5वां विकेट गिरा। यहां पर दीप्ति शर्मा 7 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें चमारी अटापट्टू ने निमाषा मीपागे के हाथों कैच कराया। अटापट्टू ने ऋचा घोष (5 रन) का भी विकेट लिया।
ऋचा घोष 5 रन बनाकर आउट, अटापट्टू को विकेट
9वें ओवर की तीसरी बॉल पर भारत का चौथा विकेट गिरा। यहां पर ऋचा घोष 5 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें चमारी अटापट्टू ने विकेटकीपर कुशीनी नुथयांगना के हाथों कैच कराया।
भारत का स्कोर 50 पार, हरमनप्रीत नाबाद
8वें ओवर में भारतीय टीम ने 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इनोका रणवीरा के ओवर की पहली बॉल पर चौका लगाकर स्कोर 50 पार पहुंचाया। उन्होंने इस ओवर में 3 चौके लगाए।
हरलीन को सेवांदी ने बोल्ड किया
7वें ओवर की पहली बॉल पर भारतीय टीम ने तीसरा विकेट गंवा दिया। यहां पर हरलीन देओल 13 रन बनाकर आउट हुईं। उन्हें रश्मिका सेवांदी ने बोल्ड कर दिया।
पावरप्ले में भारत का स्कोर 40/2
टॉस हारकर बैटिंग कर रही भारतीय टीम की शुरुआत मिलीजुली रही। टीम ने 6 ओवर के खेल में 40 रन बनाने में 2 विकेट गंवा दिए। डेब्यू मैच खेल रहीं जी कमलिनी 12 रन और शेफाली वर्मा 5 रन बनाकर आउट हुईं।
हरलीन को जीवनदान, अटापट्टू से कैच छूटा
पावरप्ले के आखिरी ओवर में हरलीन देओल को जीवनदान मिला। इनोका रणवीरा के ओवर की तीसरी बॉल पर मिड ऑफ पर कप्तान चमारी अटापट्टू से हरलीन का कैच ड्रॉप हो गया। यहां 11 रन पर खेल रही थीं।
शेफाली के बाद कमलिनी LBW आउट हुईं

5वें ओवर में भारत ने दूसरा विकेट गंवाया। यहां पर डेब्यू मैच खेल रहीं जी कमलिनी 12 रन बनाकर आउट हुईं। कविषा दिलहारी की बॉल पर कमलिनी के पैड पर लगी। फील्ड अंपायर ने आउट भी दे दिया। ऐसे में कमलिनी ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला नहीं बदला।
शेफाली वर्मा 5 रन बनाकर कैच आउट

भारत ने दूसरे ओवर की पहली बॉल पर पहला विकेट गंवाया। यहां शेफाली वर्मा 5 रन बनाकर आउट हुईं। वे मिडिल-लेग स्टंप की गुड लेंथ बॉल को लॉन्ग ऑन पर खेलना चाहती थीं, लेकिन मिस टाइम कर गईं और इमेशा दुलानी को कैच थमा बैठीं।
शेफाली वर्मा ने चौके से खाता खोला
भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा ने मलकी मदारा की बॉल पर चौका लगाकर अपना और टीम का खाता खोला। उन्होंने मलकी की दूसरी बॉल पर फ्लिक किया और बाउंड्री के बाहर पहुंचाया। पहली बॉल शेफाली के पैड पर लगी, लेकिन श्रीलंकाई टीम ने रिव्यू नहीं लिया। इस ओवर से महज 5 रन आए।
दोनों टीमों में 2-2 बदलाव, स्नेह राणा की वापसी
इस मैच के लिए दोनों टीमों ने पिछले मैच की प्लेइंग-11 में दो-दो बदलाव किए हैं। भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना और रेणुका ठाकुर को आराम दिया गया है, जबकि तमिलनाडु की स्पिनर जी कमलिनी डेब्यू कर रही हैं। उन्हें भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप दी। स्नेह राणा की वापसी हुई है। श्रीलंकाई टीम में रणवीरा और मदारा की वापसी हुई है।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है। श्रीलंका ने लगातार दूसरे मैच में टॉस जीता है। अटापट्टू ने कहा- हम चेज करना चाहेंगे। हमने इस सीरीज से बहुत कुछ सीखा है।
तमिलनाडू की कमलिनी डेब्यू कर रहीं

तमिलनाडु की स्पिनर जी कमलिनी डेब्यू कर रही हैं। उन्हें कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप दी।










