‘धुरंधर 2’ के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर, बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने का आरोप

मुंबई । बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ का टीजर मंगलवार को रिलीज किया गया। टीजर रिलीज के कुछ ही मिनटों बाद ही फिल्म की टीम के कानूनी पचड़े में फंसने की खबर सामने आ गई। मुंबई पुलिस ने ‘धुरंधर 2’ के लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके से जुड़ा है, जिसे हाई-सिक्योरिटी जोन माना जाता है। पुलिस ने बताया कि शूटिंग के दौरान क्रू ने ड्रोन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके चलते पुलिस ने ड्रोन को जब्त कर लिया और लोकेशन मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में बताया गया कि रिंकू राजपाल वाल्मीकि ने अधिकारियों के वैध आदेशों की अवहेलना करते हुए ड्रोन उड़ाया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, संवेदनशील इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना नियमों का उल्लंघन है और इससे सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता है।
बता दें कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम 1 फरवरी को सेट पर इकट्ठा हुई थी। यह शूटिंग शेड्यूल का तीसरा दिन था। इससे पहले 30 जनवरी से फोर्ट इलाके को फिल्म के लिए खास तौर पर सजाया गया था। इसे पाकिस्तान की पुरानी गली जैसा लुक दिया गया था, ताकि सीन की वास्तविकता और फिल्म की प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके।
शूटिंग के दौरान ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसकी कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई।
फिल्म की बात करें तो, ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे सितारे नजर आएंगे। टीजर में रणवीर सिंह का शानदार अवतार और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस ने दर्शकों को उत्साह से भर दिया।
आदित्य धर द्वारा लिखित और निर्देशित ‘धुरंधर 2’ अगले महीने 19 मार्च को रिलीज होने वाली है।
–आईएएनएस

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here