दुमका। आर आर एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही शॉर्ट फिल्म मुकम्मल एक बेहद संवेदनशील मुद्दे को लेकर बन रही है। लेखक प्रो हनीफ ने बताया की अभी कुछ दिनों पहले दुमका के पोखरा चौक स्थित बड़ा बांध तलाब में नवजात शिशु को फेंक दिया गया था जिससे उस नवजात शिशु की दुखद मौत हो गई थी।
विभिन्न अखबारों के जरिए इस दुखद घटना की जानकारी मिली। इस घटना से मन उद्वेलित हो गया और अभिनेता राहुल रंजन से इस दुखद घटना पर बात हुई । दोनों ने तय किया कि इंसानियत को शर्मशार करने वाली ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किए जाने की आवश्यकता है। हमने तय किया कि दुमका पोखरा चौक के इस घटना की पुनरावृति न हो इसके लिए हमलोग इसी मुद्दे पर एक शॉर्ट फ़िल्म बनाएगें और लोगों को जागरूक करेगें।
प्रो हनीफ ने शॉर्ट फिल्म मुकम्मल की बेहद संवेदनशील कहानी लिखी है जो हृदय की गहराइयों से लिखी गई है।
अभिनेता, निर्माता निर्देशक राहुल रंजन ने बताया की एक तरफ कुछ लोग अपने नवजात के साथ ऐसा अमानवीय कृत्य करते हुए उसे फेंक देते हैं वहीं दूसरी तरफ कई ऐसे निसंतान दंपत्ति भी हैं जो संतान प्राप्ति के लिए तड़पते हैं। यह अपनेआप में एक विडम्बना है।
अभिनेत्री दीप्ति गायकवाड़ रंजन शॉर्ट फिल्म “मुकम्मल“ में एक ऐसी महिला राखी का किरदार निभा रही हैं जिन्हें कोई संतान नहीं और संतान सुख के लिए वो तड़पती रहती है। जब संतान सुख से वंचित महिला राखी को पोखरा चौक बड़ा बांध वाली इस दुखद घटना का पता चलता है तो कैसे वो बिफर पड़ती है। राखी अपने पति से, अपने इस समाज से कुछ ऐसे तीखे सवाल करती है जो चुभता भी है और समाज को सही रास्ता भी दिखाता है। अभिनेत्री दीप्ति गायकवाड़ रंजन ने बताया कि इस घटना से वो भी बेहद आहत हैं और शॉर्ट फ़िल्म “मुकम्मल“ की शूटिंग के दरम्यान कई बार रोई हैं।
गौरतलब है कि प्रो हनीफ, राहुल रंजन, दीप्ति गायकवाड़ रंजन की तिकड़ी ने इसके पहले लॉक डॉउन में 40 मिनट की शॉर्ट फ़िल्म “कहीं तुम्हें नफ़रत ना हो जाए“ बनाई थी जिसे दर्शकों ने बहुत प्यार दिया। इस बार ये तिकड़ी शॉर्ट फिल्म मुकम्मल के जरिए एक बेहद संवेदनशील मुद्दे पर लोगों को जागरूक करने की कोशिश में है। इस तिकड़ी का मानना है कि अगर हमारे इस प्रयास से एक भी नवजात की जान बचाई जा सके तो हमें लगेगा कि हम सफल हुए।
लॉक डाउन में सीमित संसाधन में मोबाइल से ज़ीरो बजट में एक अच्छे उद्देश्य से बनाई जा रही है शॉर्ट फिल्म मुकम्मल। फिल्म की शूटिंग हो चुकी है, एडिटिंग चल रही है और आगामी रविवार इस शॉर्ट फिल्म मुकम्मल को रिलीज कर दिया जाएगा।












