पटना: पप्पू यादव को राहुल और प्रियंका गांधी का सपोर्ट मिला है। राहुल गांधी ने सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार देते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीट (NEET) अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की आवाज उठाने के कारण पप्पू यादव को डराया और धमकाया जा रहा है। राहुल गांधी के अनुसार, पीड़ित परिवार को न्याय देने के बजाय भाजपा-राजग मॉडल के तहत मामले को भटकाने और परिजनों को प्रताड़ित करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 32 साल पुराने मामले में ये कार्रवाई व्यवस्था की ‘सड़ांध’ और अपराधियों को सत्ता के संरक्षण को उजागर करती है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘पटना में NEET की आकांक्षी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने जब निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-NDA मॉडल सामने आ गया – केस को भटकाओ, परिजनों को प्रताड़ित करो और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण दो।
इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। आज उनकी गिरफ्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि ये घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती। ये एक भयावह साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता इस खौफनाक सच्चाई से आंखें मूंद कर बैठी है। यह राजनीति नहीं, इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा का सवाल है।’
प्रियंका ने भी किया पप्पू यादव की गिरफ्तारी का विरोध
वहीं, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। यह केस सामने आने के बाद सरकार का रवैया उससे भी ज्यादा खौफनाक है। FIR दर्ज होने से लेकर जांच और कार्रवाई तक – सबकुछ संदिग्ध बना दिया गया है।
पुराने मामले में पप्पू यादव की आधीरात को हुई गिरफ्तारी
दरअसल, बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को शुक्रवार की देर रात पटना के मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पप्पू यादव शुक्रवार की शाम को ही पटना पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, उन्हें 1995 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। ये मामला गर्दनीबाग थाना से जुड़ा है, जो पहले पुरानी भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज था और अब भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत चल रहा है। इस मामले में सांसद पर आपराधिक मामले की धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी का आरोप है। बताया जा रहा है कि अदालत में सुनवाई जारी थी, लेकिन सांसद की लगातार गैरहाजिरी चल रही थी।












