अभिषेक ‘शून्य’ शर्मा, भारतीय ओपनर की फॉर्म बनी चिंता का विषय

अहमदाबाद। टी-20 विश्व कप में भारत की सबसे मजबूत कड़ी अभिषेक शर्मा अब सबसे बड़ा सिरदर्द बन गए हैं। दुनिया का नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज टूर्नामेंट में खेली लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हो चुका है।

Advertisement

वह तो भला हो शिवम दुबे (66) और हार्दिक पांड्या (30) का, जिन्होंने आखिरी में तूफानी बल्लेबाजी करके भारत को नीदरलैंड्स के विरुद्ध आखिरी लीग मैच में छह विकेट के नुकसान पर 193 रनों के स्कोर पर पहुंचाया।

भारत की समस्‍या

पिछले मैच के हीरो ईशान किशन और अभिषेक के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और कप्तान सूर्य कुमार यादव ने काफी धीमी बल्लेबाजी की, जिसके कारण बीच के ओवरों में रन रेट काफी धीमा हो गया। जब तिलक आउट हुए तब तक भारत ने नौ ओवर में सिर्फ 69 रन ही बनाए थे।

तिलक और सूर्य ने पाकिस्तान के विरुद्ध भी काफी धीमे बल्लेबाजी की थी। सुपर-8 में ये भारत के लिए समस्या साबित हो सकती है। भारत ने आखिरी 11 ओवर में 124 रन बनाए। खासकर तिलक को स्पिनरों को खेलने में काफी परेशानी हो रही है।

अभिषेक का खराब फॉर्म

भारत के ओपनर अभिषेक पिछली सात पारियों में पांच बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। अमेरिका के विरुद्ध तेज गेंदबाज अली खान ने उन्हें मैच के दूसरे ओवर में ही कैच आउट कराया था। तब वह अपनी पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।

पेट में संक्रमण के कारण वह नमीबिया के विरुद्ध नहीं खेल पाए। कोलंबो में पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने उन्हें मैच के पहले ही ओवर में कैच आउट कराया। वह चार गेंद खेलकर कोई रन नहीं बना पाए थे। अभिषेक को आउट करके पाकिस्तानी कप्तान ने अपने साथियों की तरफ इशारा भी किया था देखो फंसा लिया।

टोटका काम नहीं आया

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में उम्मीद की जा रही थी कि नीदरलैंड्स के विरुद्ध वह बड़ा स्कोर करके फॉर्म में वापसी करेंगे, लेकिन यहां ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने उन्हें पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही बोल्ड कर दिया। अभिषेक इस मैच में मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर आए थे, लेकिन उन्हें जर्सी बदलने का भी कोई फायदा नहीं मिला।

अभिषेक अपने पहले टी-20 विश्व कप में अभी तक एक भी रन नहीं बना पाए हैं। आर्यन की गेंद पर उनकी आंखें बंद और सिर पीछे झुका हुआ था। दत्त की नई गेंद स्किड हुई। अभिषेक को लगा कि यह पुल खेलने के लिए काफी बढ़‍िया गेंद है। वह इस पर पुल खेलने गए, लेकिन गेंद उनके बल्ले के पास से निकलकर स्टंप् पर लग गई।

पिछली सात पारियों में अभिषेक शर्मा का स्‍कोर

  • 00
  • नाबाद 68
  • 00
  • 30
  • 00
  • 00
  • 00

वह टी-20 विश्व कप में लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।

टी-20 कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा शून्य पर आउट होने वाले ओपनर

शून्य पर आउट खिलाड़ी देश वर्ष
6 सैम अयूब पाकिस्‍तान  2025
5 शेलोमवांग थाईलैंड 2024
5 कुशल भुर्तेल नेपाल 2024
5 धर्मा केसुमा इंडोनेशिया 2025
5 परवेज हुसैन बांग्‍लादेश 2025
5 अभिषेक शर्मा भारत 2026

टी-20 विश्व कप में लगातार शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ी

शून्य पर आउट खिलाड़ी देश विश्व कप
3 आशीष नेहरा भारत 2010-2016
3 आंद्रे फ्लेचर वेस्टइंडीज 2009
3 रोजर मुकासा युगांडा 2024
3 अभिषेक शर्मा भारत 2026

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here