एअर इंडिया और रियाद एयर में समझौता: आपस में करेंगे कोडशेयर

नई दिल्ली। एअर इंडिया और सऊदी अरब की विमानन कंपनी रियाद एयर ने कोडशेयर साझेदारी और इंटरलाइन व्यवस्था के लिए प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य ऐसी साझेदारी करना है जिससे यात्री दोनों एयरलाइनों के नेटवर्क में निर्बाध यात्रा कर सकें।

Advertisement

नियामकीय स्वीकृतियों के बाद यह समझौता लागू होगा। गौरतलब है कि कोड शेयरिंग व्यवस्था के तहत एक एयरलाइन दूसरी एयरलाइन द्वारा संचालित उड़ान पर अपना कोड लगाती है और उस उड़ान के लिए टिकट बेचती है। इंटरलाइन और कोडशेयर व्यवस्था से यात्री एक ही बुकिंग से दोनों एयरलाइंस के नेटवर्क पर निर्बाध यात्रा कर सकेंगे।

दोनों एयरलाइनें पारस्परिक लायल्टी प्रोग्राम, कार्गो सेवाएं, परिचालन सहायता और डिजिटल और प्रौद्योगिकी पहलों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशेंगी।रियाद एयर के सीईओ टोनी डगलस ने कहा, भारत दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण विमानन बाजारों में से एक है।

साथ मिलकर हम यात्रियों को सहज, विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करेंगे। यह दोनों देशों के बीच साझा किए गए गहरे सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को दर्शाता है। एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा, हम रियाद एयर के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं ताकि हमारे संयुक्त नेटवर्क में यात्रियों को अधिक विकल्प मिल सके।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here