नई दिल्ली। शेयर बाजार में आज भले ही गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है लेकिन मार्केट में स्टॉक स्पेसिफिक एक्शन जारी है। 12 अगस्त को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 3 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए। दरअसल, एल्युमीनियम कंपनियों – NALCO, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ और वेदांता एल्युमीनियम मेटल के शेयरों में ज़बरदस्त तेज़ी का कारण नॉर्वे की एल्युमीनियम और एनर्जी कंपनी है, Norsk Hydro ASA ने मंगलवार को बताया कि ब्राज़ील में उसकी एलुनोर्ट (Alunorte) एल्युमिना रिफ़ाइनरी ने अपना उत्पादन घटाकर क्षमता का 50% कर दिया है।
NALCO से हिंडाल्को तक में तेजी
- शुरुआती कारोबार में NALCO के शेयर 8.8% तक चढ़कर ₹422.20 प्रति शेयर पर पहुंच गए।
- हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर सुबह 1063 पर खुले और शुरुआती कारोबार में 1088 रुपये का स्तर छू लिया।
- वेदांता एल्युमीनियम मेटल के शेयर भी बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे। NSE पर यह स्टॉक 2.9% बढ़कर ₹476.95 पर पहुंच गया।
क्या होगा असर?
एनालिस्ट के अनुसार, इसका असर भारतीय एल्युमीनियम उत्पादकों के लिए काफी हद तक सकारात्मक है, क्योंकि ब्राज़ील में आई रुकावट से ग्लोबल एल्युमिना सप्लाई कम हो सकती है और एल्युमीनियम की कीमतें बढ़ सकती हैं। इस खबर के बाद एल्युमीनियम की कीमतें पहले ही सात हफ़्ते के उच्चतम स्तर पर पहुँच गई हैं।
एल्युमीनियम की कीमतें बढ़ने से इसके हिंडाल्को के अपस्ट्रीम एल्युमीनियम बिज़नेस की कमाई और मार्जिन बेहतर हो सकते हैं। हिंडाल्को का बिज़नेस मॉडल काफी इंटीग्रेटेड है; इसके पास बॉक्साइट माइनिंग और एल्युमिना रिफाइनिंग के अपने ऑपरेशन हैं, इसलिए इसे स्पॉट मार्केट से एल्युमिना खरीदने पर कम निर्भर रहना पड़ता है।










