एलएसी पर प्रधानमंत्री की टिप्पणियों से हर कोई चकित और हतप्रभ : चिदंबरम

नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हमलावर है। इस क्रम में पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) मुद्दे पर प्रधानमंत्री की टिप्पणियों से असल में हर कोई चकित और हतप्रभ है। पीएम मोदी ने कहा कि “कोई बाहरी व्यक्ति लद्दाख में भारतीय क्षेत्र के अंदर नहीं था।” प्रधानमंत्री का यह बयान सीधे तौर पर सेना प्रमुख, रक्षामंत्री और विदेश मंत्री द्वारा दिए गए पहले के बयानों का खंडन करता है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यदि चीनी सैनिक एलएसी पार कर नहीं आए तो 5-6 मई को ‘फेस-ऑफ’ को क्या कहेंगे? पांच मई से छह जून के बीच जो भारतीय कमांडर अपने चीनी समकक्षों से बात कर रहे थे, उसका औचित्य क्या है? चिदंबरम ने पूछा कि गलवान घाटी में चीन के दावे के लिए सरकार का क्या जवाब है, क्या सरकार इसे भी खारिज कर देगी?

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के जरिए पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि चीन के साथ लद्दाख में सीमा विवाद पर सरकार स्पष्ट जवाब दे। चिदंबरम ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध पर सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने चीन को क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री ने कहा था कि “भारतीय सीमा में कोई विदेशी (मतलब चीनी) नहीं है।” अगर यह सही है तो पांच-छह मई को क्या हुआ? पिछले दिनों दोनों देशों के सैनिकों के बीच संघर्ष क्यों हुआ? भारत ने अपने 20 जवानों क्यों खोए?

उन्होंने यह भी पूछा कि अगर चीनी सैनिकों ने कोई घुसपैठ नहीं की है तो फिर छह जून को कोर कमांडर स्तर की बैठक क्यों हुई थी? क्या यह बैठक मौसम के बारे में हुई थी? अगर कोई चीनी सैनिक ने एलएसी पार नहीं किया तो फिर विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान में पूर्व यथास्थिति की बहाली की बात क्यों हुई? आखिर किस बात पर मेजर जनरल स्तर की बातचीत हो रही है?

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-चीन तनाव पर शुक्रवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में कहा था कि न कोई हमारे क्षेत्र में घुसा और न ही किसी ने हमारी चौकी पर कब्जा किया है। प्रधानमंत्री ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़पों को लेकर बुलाई गई इस बैठक के अंत में कहा कि चीन ने जो किया है उससे पूरा देश आहत और आक्रोशित है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here