लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना सैंपल की जांच का दायरा लगातार बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को अब तक के सर्वाधिक 26,489 लोगों के सैंपल जांचे गए। इनमें 585 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक राज्य में 7,58,915 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। वहीं, प्रदेश का अब रिकवरी रेट 69.12 हो गया है। 16,629 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
अब तक 718 की जान गई
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में 6709 एक्टिव केस हैं। अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 23,338 पहुंच गया है। अब तक राज्य में कुल 718 लोगों की जान गई है। आज से कोरोना के साथ संचारी रोग से भी हम लड़ेंगे। सीएम योगी ने संचारी रोग अभियान का आज आगाज किया है। आज से 75 जनपदों में सफाई का व्यापक अभियान चलाया जाएगा और लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरुक किया जाएगा।
6500 हेल्प डेस्क खोले गए
माना जा रहा है कि, कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में अभी उछाल आएगा। इसके चलते कोविड-19 अस्पतालों में अब बेड की संख्या बढ़कर डेढ़ लाख कर दी गई है। अभी तक एक लाख बेड की व्यवस्था थी। ऐसे में कोरोना के लेवल वन से लेकर लेवल थ्री तक के अस्पतालों में करीब 50 हजार बेड की बढ़ोतरी की गई।
इसके साथ कोविड हेल्प डेस्क के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। अभी तक 6500 हेल्प डेस्क खुल चुके हैं। इसे 10 हजार तक ले जाने का लक्ष्य है। यहां पर लोगों की इंफ्रारेड थर्मामीटर और पल्स आक्सीमीटर की व्यवस्था की गई है। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।