नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी। मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा कि वह टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। शमी ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें उनके टेस्ट करियर की शुरुआत से लेकर बड़ी उपलब्धियों तक की तस्वीरें हैं।
शमी ने अपने टेस्ट करियर से जुड़ी यादों का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘सफेद जर्सी से विदा ले रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों से कभी नहीं। जब पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब सिर्फ एक सपना था- अपने देश के लिए कुछ कर दिखाने का… उसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर कमबैक ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया। टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है। आज भारी दिल और अंगिनात खूबसूरत यादों के साथ मैं टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर रहा हूं।’
बीसीसीआई और बंगाल क्रिकेट को शुक्रिया कहा
शमी ने अपने साथियों का अभार जताते हुए लिखा, ‘इस सफर में मेरा साथ देने वाले हर टीममेट, कोच, परिवार और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने अच्छे और मुश्किल दोनों वक्त में मुझ पर भरोसा बनाया रखा। बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल का भी दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मेरे टैलेंट पर भरोसा किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट के सफर में एक अहम भूमिका निभाई। आपका साथ और विश्वास मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। मैदान पर मेरी आखिरी टेस्ट बॉल भले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा। शुक्रिया, टेस्ट क्रिकेट।’










