पंजाब में जहरीली शराब पीने से 2 दिन में 30 और आंध्र प्रदेश में सैनिटाइजर पीने से 10 लोगों की मौत

अमरावती। पंजाब में जहरीली शराब पीने से 2 दिन में 30 और आंध्र प्रदेश में सैनिटाइजर पीने से 10 लोगों की मौत हो गई है। आंध्र की घटना के बाद पुलिस शहर के सैनिटाइजर स्टॉक की जांच में जुट गई है। उधर, पंजाब सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और पुलिस ने एसआईटी बनाई है। एक पुलिस अफसर को सस्पेंड भी किया गया है।

Advertisement

पंजाब में मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाए
जहरीली शराब पीने से अमृतसर के गांव मुच्छल में गुरुवार को 5 लोगों की मौत हो गई थी, शुक्रवार को फिर 25 की जान गई। तरनतारन में 15 और बटाला में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मुच्छल में 4 और की जानें गईं। शुक्रवार को पंजाब सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मृतकों के परिजन का आरोप है कि मौतें जहरीली शराब पीने से ही हुई हैं, पर पुलिस ने शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं की। जगीर कौर ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार शाह को घर आया तो उसने शराब पी रखी थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, अस्पताल ले जाने पर रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आंध्र में लोग सॉफ्ट ड्रिंक में सैनिटाइजर मिलाकर पी रहे थे

आंध्र के प्रकाशम जिले के कुरिचेडु गांव में हैंड सैनिटाइजर पीने से 10 लोगों की मौत हो गई। एसपी सिद्धार्थ कौशल ने शुक्रवार को बताया कि ये लोग पिछले कुछ दिनों से सॉफ्ट ड्रिंक में सैनिटाइजर मिलाकर पी रहे थे। ऐसा इन्होंने लॉकडाउन में शराब नहीं मिलने की वजह से किया।

पुलिस ने बताया कि यह पड़ताल भी की जा रही है कि इन लोगों ने सैनिटाइजर को किसी जहरीले पदार्थ के साथ तो नहीं पिया था। एसपी ने बताया कि मृतकों के परिजन का कहना है कि ये लोग पिछले 10 दिन से सैनिटाइजर पी रहे थे। इस घटना के बाद शहर में बिकने वाले सैनिटाइजर स्टॉक की भी जांच की जाएगी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जांच आयोग हादसे के कारणों और परिस्थितियों के साथ-साथ किसी अन्य जुड़े मुद्दे या घटना से संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, “जालंधर के संभागीय आयुक्त संबंधित जिलों के संयुक्त आबकारी और कराधान आयुक्त और एसपी (जांच) के साथ मिलकर इस मामले की जांच करेंगे।”

मुख्यमंत्री ने जांच आयोग को किसी भी सिविल, पुलिस अधिकारी और किसी विशेषज्ञ से मदद लेकर शीघ्र जांच करने की स्वतंत्रता दी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अमरिंदर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, राज्य में सक्रिय शराब निर्माण इकाइयों पर नकेल कसने के लिए पुलिस को तलाशी अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here