कांग्रेस-AAP-वामपंथी… CEC ज्ञानेश के खिलाफ आज फिर विपक्ष का हल्ला बोल

  • CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष आज फिर दिल्ली में विरोध मार्च निकालने जा रहा है।
  • कांग्रेस, AAP और वामपंथी दल दोपहर 1 बजे दिल्ली EC दफ्तर तक संयुक्त मार्च निकालेंगे।
  • विपक्ष SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
  • मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों को EC दफ्तर की ओर बढ़ने से सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया था।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन आज भी जारी रहेगा। 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के सांसदों के मार्च और हिरासत के एक दिन बाद कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और वामपंथी दल आज दोपहर 1 बजे दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय तक संयुक्त विरोध मार्च निकालेंगे। विपक्ष SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

Advertisement

AAP और वामपंथी दल आज कांग्रेस के साथ इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। संयुक्त मार्च कश्मीरी गेट स्थित CEO कार्यालय की ओर बढ़ेगा। AAP और वामपंथी दलों की भागीदारी से आज का प्रदर्शन विपक्ष के संयुक्त विरोध के तौर पर होगा।

कल चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर बढ़े थे सांसद

इससे पहले मंगलवार, 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला था। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया था।

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड्स पर चढ़ गए और तिरंगा लहराया। इसके बाद राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस सांसद आकाशवाणी भवन के अंदर घुसकर ईसी दफ्तर जाने की कोशिश की जहां, उन्हें वहीं रोक दिया गया। बाद में वहीं पर राहुल गांधी समेत अन्य नेता धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि संसद के दोनों सदनों के करीब 300 सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने से रोका गया।

आकाशवाणी भवन में धरना, रात में हटाए गए नेता

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनके दो सहयोगियों से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़ने नहीं दिया गया। देर रात आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद उन्हें किंग्सवे कैंप लेजकर छोड़ दिया गया।

पहले भी जंतर-मंतर पर हो चुका है प्रदर्शन

SIR को लेकर विरोध का यह सिलसिला पहले भी दिल्ली में दिखाई दे चुका है। पिछले सप्ताह आम आदमी पार्टी और SFI तथा AISA समेत कई वामपंथी छात्र संगठनों ने जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।

अब 6 अक्टूबर के प्रदर्शन के बाद आज विपक्ष एक बार फिर सड़क पर उतरने जा रहा है। कांग्रेस, AAP और वामपंथी दलों का संयुक्त मार्च दोपहर 1 बजे दिल्ली CEO कार्यालय की ओर होगा और प्रदर्शन के केंद्र में SIR में कथित अनियमितताओं के साथ CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रहेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here