अब चीन ने की समंदर में घुसपैठ, अलर्ट भारतीय नौसेना ने खदेड़ा

नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख में जमीनी हालात सामान्य करने के चल रहे प्रयासों के बीच चीनी समुद्री जहाज भारतीय समुद्री सीमा में घुस आए लेकिन अलर्ट भारतीय नौसेना ने उन्हें खदेड़ दिया। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में जुलाई में युद्धाभ्यास करने के बाद से नौसेना पूरी तरह सतर्क है। इस क्षेत्र में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोत लगातार चीनी जहाजों पर नजर रख रहे हैं।
चीन से जुड़ी समुद्री सीमा पर नौसेना की अंडमान-निकोबार कमांड (एएनसी) 2001 में बनाई गई थी। यह कमांड देश की पहली और इकलौती है, जो एक ही ऑपरेशनल कमांडर के अधीन जमीन, समुद्र और एयर फोर्स के साथ काम करती है। यहीं से चीन के कुछ समुद्री रास्ते गुजरते हैं। जहां से चीन कई व्यापारिक गतिविधियों को अंजाम देता है।
नौसेना के सूत्रों ने गुरुवार को खुलासा किया कि चीनी युआन वांग-श्रेणी के अनुसंधान पोत ने पिछले महीने मलक्का जलडमरूमध्य (मलक्का स्ट्रेट्स) से हिन्द महासागर क्षेत्र में प्रवेश किया था। क्षेत्र में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों ने उसे ट्रैक किया और पीछा करके खदेड़ा। भारतीय नौसेना के जहाजों की लगातार निगरानी में रहने के बाद कुछ दिनों पहले यह जहाज चीन लौट गया।
यह पहली बार नहीं हुआ है कि जब चीनी जहाज भारतीय सीमा में घुसे हों। चीन से ऐसे रिसर्च पोत नियमित रूप से भारतीय समुद्री क्षेत्र में आते रहे हैं। वे भारतीय समुद्री क्षेत्र के बारे में संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश करते रहे हैं। पिछले साल भी इसी तरह का एक रिसर्च पोत अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास आया था। उसे भारतीय जल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर भारतीय समुद्री क्षेत्र से बाहर जाने को कहा गया था।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here